गजरौला। शनिवार को पितृपक्ष अमावस्या है। इस दिन स्नान को गंगाधाम तिगरी में लाखों की भीड़ उमड़ने की संभावना। जिसके चलते जाम की आशंका को देखते हुए पुलिस-प्रशासन कवायदों में जुटा हुआ है। वहीं हाईवे पर ब्रजघाट और तिगरी में जाम रोकने के लिए 25 स्थानों पर पुलिस फोर्स तैनात की जाएगी। इसकी तैयारी हो चुकी है।
बृहस्पतिवार को गंगाधाम तिगरी में घाटों पर साफ-सफाई कराई गई। गहरे पानी वाले स्थानों को चिन्हित कर वहां बांस-बल्लियां गाड़ी गई हैं। सीओ मोनिका यादव ने एक बार फिर से घाटों का निरीक्षण किया। साथ ही जाम से निपटने के लिए पार्किंग स्थानों को भी चिन्हित कर वहां संकेतक लगाने ने निर्देश दिए। वहीं दिन भर घाट के किनारे दुकानें लगाने का काम तेजी से चला। घाटों पर ही पंडित और पुरोहितों ने भी अपने-अपने तख्त सजा लिए हैं। पंडित गंगाशरण शर्मा ने बताया कि इस बार यहां दो लाख से अधिक श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। वहीं पुलिस ने हाईवे पर ब्रजघाट में उमड़ने वाली लाखों की भीड़ को देखते हुए जाम लगने की आशंका के चलते काफी इंतजाम किए हैं। चौपला से ब्रजघाट तक प्रत्येक कट पर पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। ब्रजघाट एवं तिगरी में कुल 25 प्वाइंट पर पुलिस तैनात रहेगी।
सुरक्षा व्यवस्था पुलिस के लिए होगी चुनौती
गजरौला। कार्तिक पूर्णिमा से पूर्व पितृपक्ष अमावस्या पर जाम नहीं लगने देना और गंगाधाम तिगरी में आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाएं मुहैया कराना किसी चुनौती से कम नहीं है। तिगरी में इस बार मुख्य स्नान घाट चामुंडा मंदिर पर ही रहेगा। वहां गंगा ने काफी स्थान भी छोड़ दिया है। इसलिए भारी भीड़ के बावजूद लोगों को दिक्कत नहीं आएगी। सबसे बड़ी चुनौती गांव में गंगाघाट की ओर जाने वाली सड़क को जाम से बचाना तो है ही साथ ही वहां आने वाली महिलाओं को वस्त्र बदलने के लिए पर्याप्त शेड मुहैया कराना भी किसी चुनौती से कम नहीं है। लोगों का कहना है कि हर बार स्नान पर्व पर यहां आने वाले श्रद्धालुओं को कोई सुविधा नहीं दी जाती है। वे अव्यवस्थाओं के बीच ही आस्था की डुबकी लगाकर लौट जाते हैं। ऐसे में कार्तिक पूर्णिमा के मेले पर व्यापक इंतजाम पर भी संशय के बादल मंडरा सकते हैं।
अंत्येष्टि वाहन और बाइकें बिगाड़ सकती हैं खेल
गजरौला। गंगाधाम तिगरी में स्नान पर सुरक्षा संबंधी तैयारियों को लेकर पुलिस-प्रशासन रात-दिन जुटा हुआ है। बाहरी थानों से फोर्स भी मंगवाई गई है, लेकिन सबसे बड़ी चुनौती जाम के रूप में ही सामने आना तय है। इसका बड़ा कारण स्नान घाट से आगे चलकर शवों की अंत्येष्टि होना है। गांव में शव लेकर आने वाहनों को पुलिस शिव मूर्ति तिराहे से गांव में स्थायी अंत्येष्टि स्थल की ओर मोड़ेगी, लेकिन अधिकांश वाहन वहां न जाकर गांव के बाहर बने बंधे से होकर घाट तक आ जाएंगे। फिर वहीं से चामुंडा मंदिर, हनुमान मूर्ति रोड से प्रथमा बैंक के आगे होते हुए गजरौला की दिशा में जाएंगे। यदि ऐसा हुआ तो पुलिस की सारी प्लानिंग फेल हो जाएगी। क्योंकि यह सिंग रोड है। सामने से यदि कोई बाइक भी आ गई तो जाम लगना तय है। इसके अलावा घाट की ओर जाने वाली बाइकें भी यदि शिव मूर्ति पर नहीं रोकी गईं तो पुलिस की सारी व्यवस्थाएं ध्वस्त हो जाएंगी।