हसनपुर (अमरोहा)। रहरा-हसनपुर मार्ग पर रविवार को बाइक को टक्कर मारने के बाद सब्जी से भरी पिकअप पलट गई। हादसे में बाइक सवार दंपती व उनका रिश्तेदार घायल हो गए। घायलों को उपचार के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से डॉक्टरों ने महिला को रेफर कर दिया। रहरा थाना क्षेत्र के गांव कनेटा निवासी फुरकान रविवार को अपनी पत्नी शाहिस्ता व गांव शकरगढ़ी निवासी रिश्तेदार शाहनवाज के साथ बाइक से हसनपुर की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान गांव मंगरौला में पीछे से सब्जी भरी पिकअप ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी और अनियंत्रित होकर पलट गई।
पिकअप पलटने के बाद चालक भाग गया। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों घायल हो गए। घायलों को अस्पताल ले जाया गया। जहां से गंभीर रूप से घायल शाहिस्ता को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पिकअप को कब्जे में कर लिया है। सीओ दीप कुमार पंत ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी।