हसनपुर (अमरोहा)। रहरा मार्ग पर बृहस्पतिवार की रात को पिकअप और ट्रैक्टर की टक्कर हो गई। हादसे में पिकअप चालक बिजनौर निवासी ताजुद्दीन (30) की मौत हो गई। सूचना मिलते ही माैके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बिजनौर के थाना मढावली के गांव राहतपुर खुर्द निवासी ताजुद्दीन बृहस्पतिवार की रात पिकअप लेकर राजस्थान से अमरूद लेने जा रहा था। हसनपुर-रहरा मार्ग पर गांव हथियाखेड़ा के पास गन्ने लदी ट्रैक्टर-ट्राॅली से पिकअप की टक्कर हो गई। हादसे में ताजुद्दीन की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि पिकअप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई।
चालक का शव पिकअप के अंदर ही फंस गया। पुलिस ने मशीन से पिकअप काटकर शव निकाला। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन कब्जे में ले लिए।