अमरोहा। रविवार को होने वाली पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा को लेकर पुलिस ने रूट डायवर्जन लागू किया है। सुबह से शाम तक शहर में ई-रिक्शा, ऑटो समेत सभी तरह के वाहनों की नो एंट्री रहेगी। सिर्फ अभ्यर्थियों को वाहनों को ही प्रवेश दिया जाएगा। इसके लिए अभ्यर्थियों के प्रवेशपत्र देखे जाएंगे।
शहर में आने और जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से निकला जाएगा। बंबूगढ़ से लकड़ा चौराहे तक परीक्षार्थियों को लेकर जाने वाले ई-रिक्शा और ऑटो संचालित रहेंगे। रूट डायवर्जन प्लान की अनदेखी करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
अपर पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार सिंह ने बताया कि 22 दिसंबर को जनपद में पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए जनपद में 16 केंद्र बनाए गए हैं और यहां दोनों पालियों में करीब 7300 परीक्षार्थी शामिल होंगे। परीक्षा में शामिल होने के लिए गाजियाबाद, मेरठ मंडल, मुरादाबाद, बरेली के अभ्यर्थी आएंगे। परीक्षा शुरू होने और छूटने के बाद शहर में जाम लग सकता है।
जाम से निपटने के लिए शहर में आने वाले वाहनों को डायवर्ट कर वैकल्पिक मार्गों से निकलने का फैसला लिया गया है। इसलिए शहर में आने वाले लोग ट्रैफिक प्लान देखकर निकलें। वाहन लेकर भीतर न जाएं। परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस सुबह से ही सड़कों पर रहेगी।