गजरौला। पालिकाकर्मी कौशिंद्र की पीटकर हत्या करने में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर आक्रोशित परिजन बुधवार को थाने पहुंचे। नारेबाजी करते हुए उन्होंने थाने का घेराव कर लिया। उन्होंने पुलिस ने जल्द गिरफ्तार किए जाने की मांग उठाई।
बुधवार सुबह मृतक के परिजन और मोहल्ले के लोग थाने में पहुंचे। उन्होंने थाने का घेराव कर पालिका के आउट सोर्सिंग कर्मचारी कौशिंद्र की हत्या के नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। कहा कि घटना को 36 घंटे बीत गए, लेकिन पुलिस ने कोई हत्यारोपी गिरफ्तार नहीं किया है। जिससे परिजनों और मोहल्ले के लोगों में आक्रोश है।
चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जल्द उनको गिरफ्तार नहीं किया गया तो परिजन एसपी से मिलकर मांग उठाएंगे। पुलिस ने उनको समझा कर और जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर समझा दिया। इस मौके पर सुरेंद्र, पुष्पा, सीमा, अंजलि, रीनू, गुड्डी, प्रेम, सतपाल सिंह, धर्मेंद्र, टीकाराम, छिद्दा, मुखराम, देवेंद्र, ललित, पंकज आदि साथ थे।