अमरोहा के गजरौला में सिपाही ने दिव्यांग के घर में घुस कर उसकी बहन के साथ खींचतान की। शोर मचाने पर आए मोहल्ले के लोगों ने आरोपी सिपाही को पकड़ लिया। फोन कर पुलिस बुला ली। आरोपी सिपाही पुलिस को सौंप दिया गया। पुलिस ने दोपहर उसका मेडिकल कराया। आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी गई है।
मामला नगर के एक मोहल्ले का है। मोहल्ला निवासी युवक दिव्यांग है। वह मोहल्ले में ही जन सूचना केंद्र चलाता है। उसका आरोप है कि मंगलवार की रात 11 बजे यूपी-112 पर तैनात एक सिपाही उसके घर में घुस गया। सिपाही ने घर में सो रही उसकी बहन के साथ खींचतान की। वह युवती को कमरे में खींचने लगा। युवती के शोर मचाने पर दूसरे कमरे में सो रहा उसका भाई जाग गया। उसके शोर मचाने पर मोहल्ले के लोग इकट्ठा हो गए। सिपाही को पकड़ लिया। घर में घुस कर सिपाही द्वारा युवती के साथ खींचतान करने की जानकारी मिलने पर थाना पुलिस मोहल्ले में पहुंची।
आरोपी सिपाही को मोहल्ले के लोगों ने पुलिस को सौंप दिया। बुधवार की सुबह युवती, उसका भाई, परिजन और मोहल्ले के लोग थाने पहुंचे। आरोपी सिपाही के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के लिए पुलिस को तहरीर दी। दोपहर साढ़े 12 बजे पुलिस ने आरोपी सिपाही को मेडिकल के लिए भेजा। सीओ श्वेताभ भास्कर का कहना है कि घटना की जानकारी मिली है। सिपाही का मेडिकल कराया जा रहा है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।