शहर के ईदगाह के मैदान में तीन दिवसीय तब्लीगी इज्तिमा के दूसरे दिन बुधवार को मौलाना शरीफ ने कहा कि हम लोगों को दीन की बातों पर अमल करना होगा। आपसी एकता व भाईचारे को बढ़ावा देना होगा। मुफ्ती शाहिद ने कहा कि सब कुछ अल्लाह के हाथ में हैं। उसके इशारे के बिना कुछ भी मुमकिन नहीं, जिसे अल्लाह कुछ देना चाहे, सारी दुनिया की कोशिश भी उसका नुकसान नहीं कर सकती। मुफ्ती सैयद मोहम्मद अफ्फान मंसूरपुरी ने कहा कि तुम लोग यदि इंसानियत का दामन थाम लो तो दुनिया भी तुम्हारी हो जाएगी और अल्लाह भी राजी हो जाएंगे। मौलाना मोहम्मद इरशाद ने तालीम हासिल करने पर जोर दिया। इनके अलावा अन्य उलेमाओं ने कहा कि अल्लाह का हुक्म मानते रहो, फरमाबरदार बनो, जिंदगी की सारी मुश्किलें खुद-ब-खुद दूर होती चली जाएंगी।
दुआ के साथ होगा समापन
बृहस्पतिवार को दुआ संग दीनी तब्लीगी इज्तिमा का समापन होगा। देश के अलग-अलग शहरों विख्यात उलेमाओं की मौजूदगी में होने वाली दुआ में मंडल के अलावा दूसरे शहरों से लोगों के जुटने की उम्मीद जताई जा रही है। भीड़ जुटने की आशंका के चलते पुलिस ने ईदगाह परिसर से लेकर शहर के भीतर भी सुरक्षा को लेकर कड़े बंदोबस्त किए हैं।
ई-रिक्शा और ऑटो की आवाजाही पर रहेगी रोक
टीएसआई धर्मेंद्र खोखर ने बताया कि इज्तिमा के चलते बृहस्पतिवार को यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ रखा जाएगा। शहर में जान न लगे। इसके लिए शहर में ऑटो व ई-रिक्शा के संचालन पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। साथ ही हल्के व भारी वाहन भी शहर में आने से रोकते हुए रिंग रोड से गुजारकर पार्किंग स्थल तक पहुंचाया जाएगा। इसके लिए सुबह से ही पुलिस कर्मी वहां तैनात रहेंगे।
इन रास्तों से पार्किंग तक पहुचेंगे वाहन
कैलसा या पाकबड़ा की ओर से इज्तमा में आने वाले वाहनों को बाईपास से गुजरकर याहियापुर होते हुए रज्जाकपुर से नीम का अड्डा की तरफ आना होगा। वहीं, पाकबड़ा, मुरादाबाद व संभल के अलावा हाईवे से आने वाले वाहन हिल्टन स्कूल मोड़ से एआरटीओ तिराहे से बाईपास होते हुए पंजू सराय स्थित पार्किंग तक जाएंगे। अतरासी की ओर से आने वाले वाहन मंडी धनौरा बाईपास से पंजूसराय पहुचेंगे। नौगांवा सादात, बिजनौर से आने वाले वाहन भी रज्जाकपुर तिराहे से गुजरकर पंजूसराय तक आएंगे।