अमरोहा। वृद्धा, विधवा और दिव्यांगजनों का हक डकारने वाले 1,547 लोग चिह्नित कर लिए गए हैं। इन लोगों ने तीन महीने का पेंशन डकार लिया है। दरअसल लॉक डाउन के चलते सत्यापन में देरी हुई है। इसमें 265 फर्जी जबकि 1282 लोग मृतक हैं। फर्जी और मृतकों का ब्यौरा निदेशालय को भेज दी गई है।
जिले में कुल 52,059 पेंशन धारक हैं, जिसमें वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांग जन शामिल हैं। इन लोगों को प्रति महीने 1500-1500 रुपये बतौर पेेंशन दी जाती है। ताकि यह लोग भरण पोषण कर सकें। इनका वार्षिक सत्यापन मार्च में होता है लेकिन इस बार कोरोना संक्रमण के चलते लॉक डाउन घोषित हो गया। इसके चलते इन लोगों का सत्यापन अधर में लटक गया। समाज कल्याण, दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग और प्रोबेशन विभाग ने पेंशनधारकों की सूची बीडीओ और अधिशासी अधिकारियों को सौंपी। इनके जरिए पेंशनधारकों का सत्यापन हुआ। बीडीओ और अधिशासी अधिकारियों की ओर से अपात्रों की सूची विकास भवन स्थित कार्यालय में भेजी गई। इसमें कुल 1,547 लोग चिन्हित किए गए जो अपात्र और मृतक की श्रेणी में शामिल हैं। इसमें 265 फर्जी जबकि 1,282 मृतक शामिल हैं। समाज कल्याण विभाग ने वृद्धावस्था के अपात्र और मृतकों को सूची से बाहर किया। इसके अलावा प्रोबेशन विभाग ने विधवा पेंशनधारकों की सूची को अपडेट किया। वहीं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग ने अपात्र और मृतकों की सूची निदेशालय को भेज दी है।
यह है ब्योरा
वृद्धावस्था
पेंशन धारक---------34,349
मृतक--------------1146
अपात्र--------------112
विधवा
पेंशनधारक------19,335
अपात्र-----------65
मृतक-----------215
...............
दिव्यांगजन
पेंशनधारक-------8,375
मृतक-----------71
अपात्र-----------88