अमरोहा। पीसीएस और एसीएफ (प्रारंभिक) परीक्षा रविवार को 15 केंद्रों पर आयोजित होगी। जिले में 7008 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गईं हैं। परीक्षा सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में होगी। प्रत्येक केंद्र पर सेक्टर और स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात रहेंगे।
जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. प्रवेश कुमार ने बताया कि परीक्षा के लिए सभी व्यवस्थाएं पूरी की जा रहीं हैं। उन्होंने बताया कि प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 9:30 बजे से 11:30 बजे तक तथा द्वितीय पाली में परीक्षा 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा से 45 मिनट पूर्व तक ही प्रवेश प्राप्त कर सकेंगे। सुबह की पाली के लिए सुबह आठ बजे से तथा दूसरी पाली के लिए एक बजे से परीक्षार्थियों को प्रवेश शुरू कर दिया जाएगा।
परीक्षा कड़ी सुरक्षा व सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में आयोजित की जाएगी। सभी केंद्रों पर पुलिस बल भी अलग से तैनात होगा। उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए कक्ष निरीक्षकों को भी प्रशिक्षण दे दिया गया है। केंद्रों पर 50 फीसदी शिक्षक बाह्य तैनात किए जाएंगे। डीएम ने भी परीक्षा के लिए व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए हैं।
पीसीएस : निजी शिक्षकों की नहीं लगेगी ड्यूटी
गजरौला। शिव इंटर कॉलेज में शुक्रवार सुबह पीसीएस प्री परीक्षा के स्टेटिक मजिस्ट्रेट लोकचंद ने केंद्र व्यवस्थापक व ड्यूटी के लिए तैनात शिक्षकों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि 12 अक्तूबर को होने वाली पीसीएस प्री परीक्षा को नकल विहीन कराने के लिए सभी को मुस्तैदी से ड्यूटी करनी है। इसमें किसी भी निजी शिक्षक की ड्यूटी नहीं लगेगी। कहा कि सुबह आठ बजे से ही अभ्यर्थी परीक्षा केंद्र पर आ जाएंगे। तलाशी व केवाईसी के बाद ही अभ्यर्थी को प्रवेश दिया जाए। 8.45 बजे के बाद केंद्र का गेट बंद कर दिया जाए। शिक्षक शैलेंद्र कुमार ने भी शिक्षकों को परीक्षा के बारे में जानकारी दी। इस दौरान केंद्र व्यवस्थापक गगन अग्रवाल, डॉ.शरद शर्मा, कोमल रानी, मोनिका सिंह, चंचल रानी, नरेश दत्त शर्मा, हरिओम शर्मा, हरकेश सिंह मौजूद रहे।