अमरोहा। हजरत एक्सप्रेस में गैस सिलिंडर लीक के मामले में रेलवे पुलिस जांच कर रही है। दूसरे दिन भी ट्रेन में गैस सिलिंडर छोड़ने वाले यात्री का सुराग नहीं लगा है। रेलवे पुलिस ने बरेली रेलवे स्टेशन तक गैस सिलिंडर वाले यात्री को तलाश किया था लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। अब रेलवे पुलिस दिल्ली स्टेशन से लेकर अमरोहा तक रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक कर रही है। जिससे रेलवे स्टेशनों पर कट्टा और गैस सिलिंडर के साथ ट्रेन में चढ़ने वाले व्यक्ति की पहचान की जा सके।
बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे आला हजरत एक्सप्रेस ट्रेन दिल्ली से मुरादाबाद की तरफ जा रही थी। ट्रेन के जरनल कोच में सवार एक अज्ञात यात्री पेट्रोमैक्स गैस सिलिंडर लेकर कहीं जा रहा था। यह सिलिंडर बर्तनों के कट्टे में रखा था। जैसे ही ट्रेन अमरोहा रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तभी अचानक सिलिंडर से गैस रिसाव होने लगा। इस दौरान एक धमाका भी हुआ।
अचानक धमाके के साथ गैस रिसाव को देखकर ट्रेन में सवार यात्रियों में भगदड़ मच गई। यात्रियों के शोर मचाने पर ट्रेन के गार्ड हेतराम आजाद ने मामले की जानकारी जीआरपी और आरपीएफ को दी थी। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के पहुंचते ही यहां पहले से मौजूद दोनों टीम जांच में जुट गईं। ट्रेन में सवार यात्रियों को सकुशल उतारा गया। घटना के बाद जो यात्री सिलिंडर लेकर जा रहा था यात्री गायब हो गया। जांच के बाद रेलवे पुलिस ने गैस सिलिंडर को कब्जे में ले लिया।
करीब 25 मिनट तक रुकी रही थी ट्रेन
सुरक्षा के लिहाज से ट्रेन को करीब 25 मिनट तक रेलवे स्टेशन पर रोका गया था। इस मामले में रेलवे पुलिस ने अज्ञात यात्री के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गजरौला आरपीएफ थाना इंस्पेक्टर सुभाष यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। यात्री को पहचानने के लिए रेलवे स्टेशन के सीसीटीवी फुटेज चेक किए जा रहे हैं।