इसके लिए जल को संरक्षित करने के लिए प्रशासन ने तालाबों का पुनरुद्धार करने की कवायद शुरू की है। तालाबों को उनके पुराने स्वरूप में लाने के लिए डीएम ने भी मिशन-100 की शुरुआत करते हुए तालाबों की खोदाई का काम शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
गुजरे समय में तालाब जनजीवन का अहम हिस्सा हुआ करते थे, लेकिन बदलते समय के साथ ही तालाबों का अस्तित्व खत्म होता जा रहा है। कहीं तालाबों पर कब्जा कर बड़े-बड़े मकान खड़े कर दिए गए तो कहीं तालाबों की जमीन पर फसलें लहलहा रही हैं। आज के समय में जिले में तालाबों की संख्या बहुत ही कम हो गई है। इसके चलते भूजल स्तर भी कम होता जा रहा है। जिसको देखते हुए जल संचयन के साथ ही तालाबों को उनके पुराने स्वरूप में लौटाने के लिए डीएम निधि गुप्ता वत्स ने तालाबों को संरक्षित करने की मुहिम शुरू की है।
इस मुहिम को उन्होंने मिशन-100 का नाम दिया है, जिसमें पहले चरण में सौ तालाबों को चयनित कर उनके जीर्णोद्धार का काम कराया जा रहा है। संबंधित तहसील को उन्होंने चयनित तालाबों पर अगर कहीं कोई कब्जा हो, तो उसे कब्जामुक्त कराने के निर्देश भी दिए है। तालाबों के जीर्णोद्धार के लिए मनरेगा और राज्य वित्त की राशि खर्च की जा रही है। डीएम की मंशा के अनुरूप सौ तालाबों के सापेक्ष अभी तक 197 तालाबों का चिह्नीकरण किया जा चुका है।
खोदाई के बाद होगा जल संचयन
मनरेगा से तालाबों की खोदाई का काम पूरा कराया जा रहा है। खोदाई का काम पूरा होने के बाद उसके आसपास पौधरोपण भी किया जाएगा, जिसके बाद तालाबों में जल संचयन होगा। जहां मनरेगा से काम नहीं हो सकेगा, वहां राज्य वित्त से काम कराया जाएगा। इससे तालाबों अपने पुराने स्वरूप में तो लौटेंगे ही, साथ ही यह भूजल स्तर को नियंत्रित करने में भी अहम भूमिका निभाएंगे।
82 तालाबों में पूरा हुआ काम
परियोजना निदेशक अमरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि जिलेभर में कुल 197 तालाबों का चिह्नीकरण किया गया है। जिसमें 82 तालाबों के पुनरुद्धार का काम पूरा कर लिया गया है। जबकि, 140 तालाबों पर काम शुरू कर दिया गया है। जल्द ही बाकी बचे तालाबों पर भी काम शुरू कराया जाएगा।
तालाबों को संरक्षित करने को अमर उजाला ने चलाया था अभियान
जिले में तालाबों को सहेजने के लिए अमर उजाला की ओर से भी अभियान चलाया गया था। जिसमें जिले के कई तालाबों की बदहाली को प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया गया था। प्रशासन की ओर से भी अमर उजाला की इस मुहिम को साथ मिला और तालाबों के जीर्णोद्धार का काम शुरू हो सका।
-
किस ब्लाक में कितने तालाब हुए चिह्नित
ब्लाॅक - तालाबों की संख्या
अमरोहा - 41
जोया - 43
धनौरा - 24
गजरौला - 27
हसनपुर - 35
गंगेश्वरी - 27
-
तालाबों को उनके पुराने स्वरूप में लाने के लिए मिशन-100 मुहिम को शुरू किया गया है। इसमें जिले के तालाबों को जीर्णोद्धार का कार्य कराया जा रहा है। इससे गिरते भूजल स्तर को भी सुधारने के साथ-साथ तालाबों का पुराना स्वरूप भी वापस लाया जा सकेगा।- निधि गुप्ता वत्स, डीएम
-