अमरोहा। शहर में पार्किंग की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। पार्किंग की सुविधा नहीं होने से लोग सड़कों के किनारे वाहन खड़े करने को मजबूर हैं। इससे टीपी नगर चौराहे समेत प्रमुख मार्गों पर आए दिन जाम लगता है। जोया रोड स्थित ओवरब्रिज के नीचे शहर की पहली व्यवस्थित पार्किंग बनाने की योजना भी अतिक्रमण के कारण अधर में है। दुकानदारों के कब्जे के कारण काम आगे नहीं बढ़ सका।
जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में मुद्दा उठने के बाद लोक निर्माण विभाग ने नगर पालिका से जमीन चिह्नित करने को कहा था। ओवरब्रिज के नीचे जगह चिह्नित कर शुरुआती काम के तहत गड्ढे भी खोदे गए, लेकिन आसपास दुकानदारों के कब्जे से काम रुक गया। पार्किंग स्थल के आसपास सामान और अन्य सामग्री रखे होने से पर्याप्त जगह नहीं बची है।
बिजनौर रोड, अतरासी मार्ग, लकड़ा चौराहा और रेलवे स्टेशन रोड पर भी अवैध पार्किंग व अतिक्रमण से यातायात प्रभावित रहता है। सवाल है कि कागजों में चल रही पार्किंग योजना जमीन पर कब उतरेगी और शहरवासियों को जाम से कब राहत मिलेगी।
बटवाल बाजार में सड़क पर सज रहीं दुकानें, वाहन भी बेतरतीब
टीपी नगर चौक से कुछ दूरी पर स्थित बटवाल बाजार बिजनौर और जोया मार्ग को जोड़ता है। दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सामान फैला रखा है और सड़क किनारे वाहनों की अवैध पार्किंग होती है। इससे अक्सर जाम लगता है। बाजार में फुटपाथ नहीं होने से राहगीरों को वाहनों के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। अतिक्रमण के कारण सड़क लगातार संकरी हो रही है।
अटल चौक से पक्का बाग तक फुटपाथ पर भी कब्जा
अटल चौक से पक्का बाग तक बने फुटपाथ पर चाट-पकौड़ी, फल और जूस की दुकानें लगी रहती हैं। कई जगह डग्गामार वाहन भी खड़े रहते हैं। फुटपाथ पर कब्जे के कारण राहगीरों को मुख्य सड़क पर उतरना पड़ता है, जिससे यातायात प्रभावित होता है। गर्मी में यहां कई बार जाम की स्थिति बनती है।
रोजाना गुजरते हैं अधिकारी, नहीं दिखता जाम और अतिक्रमण
शहर के प्रमुख मार्गों पर बढ़ता अतिक्रमण यातायात में बाधा बन रहा है। कई जगह फुटपाथ गायब हो चुके हैं और सड़कें पार्किंग स्थल में तब्दील हो रही हैं। अस्थायी दुकानें और बेतरतीब वाहन समस्या बढ़ा रहे हैं। इन रास्तों से पालिका और प्रशासनिक अधिकारियों का रोजाना आवागमन होता है, फिर भी प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही। अतिक्रमण हटाने के दावे किए जाते हैं, लेकिन कार्रवाई के बाद स्थिति फिर जस की तस हो जाती है।
-
पार्किंग को लेकर की गई कवायद मेरे कार्यभार संभालने से पहले की है। यदि पार्किंग के लिए चिह्नित जमीन पर अतिक्रमण है तो उसे हटाया जाएगा। संबंधित दुकानदारों को नोटिस जारी कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।- दिनेश कुमार, ईओ, नगर पालिका अमरोहा
लोग बोले...
अमरोहा शहर में व्यवस्थित पार्किंग की व्यवस्था होना जरूरी है। इससे लोगों को अपने वाहन खड़े करने के लिए उचित स्थान मिलेगा और सड़कों पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग नहीं होगी। शहर में जाम की समस्या भी कम होगी और लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।- डालचंद्र सिंह
शहर में आने वाले लोगों के वाहनों को खड़ा करने के लिए पालिका की ओर से पर्याप्त पार्किंग की व्यवस्था की जानी चाहिए। पार्किंग सुविधा मिलने से लोग सड़क किनारे वाहन खड़े नहीं करेंगे। इससे जाम की स्थिति पर अंकुश लगेगा और राहगीरों को भी आवागमन में आसानी होगी।-सुनील कुमार
अमरोहा में पालिका की ओर से बनाए गए पार्किंग स्थलों को अतिक्रमण से मुक्त कराया जाना चाहिए। पार्किंग की जगह पर कब्जा होने से लोगों को वाहन खड़े करने में परेशानी होती है और सड़क पर जाम की स्थिति बनती है। अतिक्रमण हटाकर पार्किंग को सुचारु कराया जाए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके। -सत्यप्रकाश सिंह