अमरोहा। आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पुनरीक्षण कार्य का पूरा हो गया है। अनंतिम मतदाता सूची के आलेख्य का प्रकाशन के बाद दावे व आपत्तियों का काम भी पूरा कर लिया गया। सभी ब्लॉक में लगभग एक हजार से अधिक आपत्तियां दर्ज की गई हैं। जिनके अब निस्तारण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए पुनरीक्षण अभियान के दौरान 23 दिसंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया गया था। पिछले चुनाव की अपेक्षा इस बार 44557 मतदाता पंचायतों में बढ़ गए हैं। जिसके बाद कुल मतदाताओं की संख्या 1040860 पहुंच गई है। जबकि 102168 मतदाताओं को अलग-अलग वजह से सूची से बाहर कर दिया गया है। 30 दिसंबर तक मतदाता नाम जोड़ने व कटने से संबंधित आपत्तियां व दावे दाखिल किए गए। पुनरीक्षण अभियान के दौरान जिले में 44557 मतदाताओं की संख्या बढ़ गई है। जबकि 102168 मतदाताओं के नाम सूची से बाहर हुए हैं और 12924 मतदाताओं के नाम व पते आदि में संशोधन किया गया है। जबकि 146725 नए मतदाता सूची में शामिल हुए हैं। 30 दिसंबर तक सभी छह ब्लॉक में लगभग एक हजार से अधिक दावे व आपत्तियां दर्ज की गई। अब संबंधित रजिस्ट्रीकरण अधिकारी द्वारा आपत्तियों के निस्तारण की कार्रवाई की जाएगी। सारी प्रक्रिया पूरी करने के बाद छह फरवरी को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा। सहायक निर्वाचन अधिकारी कल्लू सिंह ने बताया कि आपत्ति व दावे लेने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। अब आपत्तियों का निस्तारण किया जाएगा।