मंडी धनौरा (अमरोहा)। 24वीं वाहिनी पीएसी के सिपाही हिमांशु ने अपनी रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वह सीतापुर स्थित केंद्रीय आयुध भंडार में के टावर संख्या एक पर डयूटी पर तैनात थे। पुलिस के मुताबिक हिमांशु ने आत्महत्या की है। पीएसी हेडक्वार्टर से मौत की सूचना मिलने पर परिजन सन्न रह गए। आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल सका है।
तहसील के गांव ईश्वरदेवा निवासी हिमांशु (30) 2019 में पीएसी में भर्ती हुए थे। उनको 24वीं वाहिनी मुरादाबाद में तैनात किया गया था। वर्तमान में उनकी तैनाती सीतापुर स्थित केंद्रीय आयुध भंडार की सुरक्षा में थी। उनके भाई ने बताया कि हिमांशु की शनिवार को टावर संख्या एक पर डयूटी थी। करीब साढ़े आठ बजे सीतापुर पीएसी कार्यालय से जानकारी दी गई कि हिमांशु ने अपनी इंसास रायफल से गोली मार ली है। हिमांशु को जिला अस्पताल ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें म़ृत घोषित कर दिया। उनकी पत्नी जन्माष्टमी के दिन पति की मौत की जानकारी मिलने पर बेसुध हो गई। परिजन सीतापुर के लिए रवाना हो गए थे। एसपी अंकुर अग्रवाल के मुताबिक शनिवार सुबह उनको गोली लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। घटना का कारण जानने के लिए एसआईटी गठित की जा रही है।
डयूटी पर जाने से पहले हिमांशु ने पीएसी परिसर में बने मंंदिर में जाकर भगवान के दर्शन किए थे। उन्होंने दर्शन का स्टेटस अपने मोबाइल पर सुबह सात बजे लगाया था। हिमांशु के तहेरे भाई यशवीर खटाना ने बताया कि परिवार के सभी लोग खुश थे कि हिमांशु जन्माष्टमी पर मंदिर गए थे। हिमांशु की एक साल पहले ही जनपद बिजनौर के कोतवाली नूरपुर के गांव हसनपुर निवासी मोना के साथ हुई थी। परिजनों का कहना है कि उनको यह समझ नहीं आ रहा है कि जो हिमांशु खुदकुशी से डेढ़ घंटा पहले मंदिर भी गए थे, उन्होंने अचानक आत्मघाती कदम क्यों उठाया। फिलहाल हिमांशु का मोबाइल फोन पुलिस के कब्जे में है।