अमरोहा। शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला बटवाल में सोमवार को बिजली चोरी पकड़ने गई विभागीय टीम का लोगों ने जमकर विरोध किया। चेकिंग के दौरान मौके पर हंगामा हो गया और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले में जूनियर इंजीनियर (जेई) ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
एसडीओ राजकुमार मिश्रा के नेतृत्व में बिजली विभाग की टीम दोपहर के समय मोहल्ला बटवाल पहुंची थी। टीम ने जांच के दौरान तीन मकानों में बिजली चोरी पकड़ी, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ शुरू की गई। इसी दौरान स्थानीय लोग भड़क गए और विरोध करने लगे। कुछ ही देर में मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और स्थिति तनावपूर्ण हो गई। लोगों ने एसडीओ, जेई समेत पूरी टीम को घेर लिया और उनके साथ नोकझोंक शुरू कर दी। हंगामे के चलते मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और भीड़ को शांत कराया। इसके बाद बिजली विभाग की टीम मौके से वापस लौट गई। मामले में जेई शाकिब अली ने मोहल्ले के कुछ लोगों के खिलाफ टीपी नगर पुलिस चौकी में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपों के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं बिजली विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बिजली चोरी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।