वर्ष 2023 में हुए पालिका चुनाव से पहले आसपास के 45 गांवों को अमरोहा नगरपालिका में शामिल किया गया था। सीमा विस्तार के बाद इन गांवों में शहर की तरह विकास कराया जाना था। लेकिन, यहां के ग्रामीण पालिका प्रशासन की अनदेखी की शिकार हो रहे हैं। लोगों को उम्मीद थी कि जिला मुख्यालय का हिस्सा बनने के बाद विकास होगा और शहर जैसी सुविधाएं भी मिलेंगी। लेकिन, डेढ़ साल से अधिक समय बीतने के बाद विकास तो दूर, अन्य कार्य भी नहीं हो सके हैं।
इन गांवाें को वार्ड में भी विभाजित किया गया। हालांकि, पिछले दिनों डेढ़ करोड़ से अधिक धनराशि मिलने के बाद सड़कों व नाली निर्माण आदि का कार्य शुरू करा दिया गया, लेकिन सवाल यह उठाता है कि यह रकम आबादी के हिसाब से कितना कार्य करा पाएगी। वहीं, ढाई करोड़ लाइट तो डेढ़ करोड़ पार्क आदि के लिए भी मिल जाएंगे। कुल मिलाकर पांच करोड़ की धनराशि से यहां की उम्मीदें पूरी होती नजर नहीं आ रही हैं।
ये गांव हुए थे शामिल
खालकपुर खुर्द, कलाली, दुर्गपुर, मिलक मोहम्मदी, मोहनपुर नाजिब जनूब, अमरोहा देहात, गुलड़िया, अलहेदादपुर खुर्द, मीरा सराय, सलेमपुर हेमनगर, हुसैनपुर निकट मालीखेड़ा, अली मोहम्मदपुर, मकसूदपुर, पंडकी, चक पंडकी, रायपुर खुर्द, रामपुर घना, दासीपुर, पचोकरा मेहरबान अली, उमरपुर, केशोपुर, एवजबाद, पिलक सराय, नाजरपुर खुर्द, पट्टी रायपुर कला, रायपुर कला, उकसी, अहरोई, मिलक बिकनी, हाशमपुर, महुवा, दूल्हापुर, दाऊसराय, पंजू सराय, जलालपुर नरायन, फाजलपुर, रजाकपुर, मोहम्मदपुर भूड़ा, अकबरपुर पट्टी, महमूदपुर जत्ती, फरीदपुर घोसी, मकनपुर कस्बा सईद, चकगढ़मल गांव नगर पालिका में शामिल हुए थे।
कुछ कार्य योजना तैयार, लेकिन धनराशि मिलने का इंतजार
पालिका प्रशासन की ओर से इन गांवों में विकास को लेकर प्लॉनिंग तो कर ली गई है, लेकिन बजट भरपूर न मिलने से विस्तार को रफ्तार नहीं मिल पा रही है। पालिका की ओर से सड़कों के निर्माण से पहले विद्युत/टेलीफोन के तारों को अंडरग्राउंड डालने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर डक्ट निर्माण। जलापूर्ति व्यवस्था, लाभार्थी परक सेवाएं, मुख्य व्यापारिक क्षेत्र का विकास एवं सौंदर्यीकरण, पार्क एवं ओपन स्पेस का विकास आदि की कार्य योजना तैयार हो गई है, लेकिन अभी धनराशि मिलने का इंतजार किया जा रहा है।
- पालिका प्रशासन की ओर से सीमा विस्तार के दौरान शहरी क्षेत्र में शामिल हुए 45 गांवाें के विकास पर फोकस किया जा रहा है। हाल ही में डेढ़ करोड़ के बजट से जगह-जगह सड़क निर्माण के अलावा अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। जल्द ही तीन करोड़ से अधिक का बजट और पास हो जाएगा। जिससे विकास कार्यों को रफ्तार मिलेगी। उसके बाद अन्य कार्य योजना के आधार पर जैसे-जैसे बजट मिलता रहेगा, उसी हिसाब से कार्य कराए जाएंगे।
-डॉ. बृजेश सिंह, ईओ अमरोहा