हसनपुर(अमरोहा)। रक्षाबंधन की खुशियां मनाने की तैयारियों में जुटे परिवार पर त्योहार से कुछ घंटे पहले दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। सड़क हादसे में बहन के इकलौते भाई दीपांशु की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ई-रिक्शा और बाइक को कब्जे में लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गांव शेखुपुर झकड़ी निवासी नरेश सिंह का बेटा दीपांशु बृहस्पतिवार रात करीब 10 बजे दोस्त भरत के साथ बाइक से पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने जा रहा था। ग्रीन सिटी के सामने पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही सामने से आ रहे ई-रिक्शा से बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में दीपांशु गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि भरत को मामूली चोट आई। राहगीरों की मदद से दीपांशु को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
दीपांशु अपनी बहन का इकलौता भाई था। रक्षाबंधन के दिन बहन को उसकी कलाई पर राखी बांधनी थी, लेकिन त्योहार के दिन ही उसके घर से भाई की अर्थी उठ गई। हादसे के समय दीपांशु के माता-पिता दिल्ली में उसके मामा के घर रक्षाबंधन मनाने गए थे। बेटे की मौत की खबर मिलते ही वे लौटे तो परिवार में कोहराम मच गया। दीपांशु की मौत से पूरे गांव में भी शोक की लहर है। सीओ पंकज कुमार त्यागी ने बताया कि मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।