रजबपुर। शादी के लिए तय तिथि से एक दिन पहले प्रेमी ने फोन कर विवाह करने से इंकार कर दिया। खबर सुनते ही युवती के परिजनों के होश उड़ गए। उन्होंने युवक के परिजनों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने। अब युवती ने प्रेमी के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
रजबपुर थानाक्षेत्र के एक गांव निवासी युवती का संभल में असमोली थानाक्षेत्र के गांव युवक के साथ डेढ साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। कुछ दिन पहले युवक-युवती को एक साथ पकड़ लिया था। दोनों एक ही बिरादरी के थे, लिहाजा दोनों के परिजन शादी के लिए सहमत हो गए थे। बताते है के 13 फरवरी को अमरोहा के आर्य समाज मंदिर में शादी करने का फैसला लिया था। लेकिन युवक ने शुक्रवार की रात फोन पर शादी करने से इंकार कर दिया। जिसके बाद युवती के परिजनों के होश उड़ गए। युवती के परिजनों ने युवक और उसके परिजनों को काफी समझाया गया। लेकिन वह नहीं माने। लिहाजा शनिवार को युवती अपने पिता और भाई के साथ रजबपुर थाने पहुंची और युवक के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।