अमरोहा। ग्राम प्रधान की जीत के जश्न में फायरिंग करने वाले व्यक्ति का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस बरामद हुए हैं। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया है।
यह घटना देहात थानाक्षेत्र लतीफपुर गांव की है। जनपद में 19 अप्रैल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुआ था। दो मई को मतगणना हुई। लतीफपुर गांव निवासी ग्रामीण प्रतिद्वंद्वी को भारी मतों से शिकस्त देकर प्रधान निर्वाचित हुआ था। जीत की खुशी में उनके समर्थकों ने रात में ही गांव में बाइक से घूमकर जिंदाबाद के नारे लगाए थे। एक समर्थक ने तमंचे से फायरिंग कर खुशी का इजहार किया। लोगों ने हर्ष फायरिंग का वीडियो बना लिया। यह वीडियो फेसबुक और व्हाट्सएप पर वायरल हो रहा है। करीब बीस सेकेंड के इस वीडियो में युवक से एक बार में फायर नहीं हुआ तो उसके साथी फायरिंग करने का तरीका बता रहा है। रविवार को यह वीडियो पुलिस के पास पहुंचा तो चर्चा का विषय बन गया। इसके बाद पुलिस हरकत में आई। आननफानन फायरिंग करने वाले आरोपी युवक प्रदुमन को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक तमंचा और एक कारतूस बरामद हुआ है। इंस्पेक्टर के मुताबिक आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।