अमरोहा। महिला अधिवक्ता की शिकायत पर पुलिस ने दहेज उत्पीड़न के मामले में पति के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोप है कि पति मायके से दस लाख रुपये लाने का दबाव बनाकर मारपीट करता है।
मोहल्ला मोती नगर निवासी गंगाराम की बेटी शिवांगी दिवाकर अधिवक्ता है। वह जिला सत्र न्यायालय में प्रैक्टिस करती हैं। नौ दिसंबर 2022 को शिवांगी की शादी मुरादाबाद जिले के सिविल लाइन थानाक्षेत्र की हिमगिरी कॉलोनी निवासी गौरव के साथ हुई थी। आरोप है कि गौरव शराब पीकर उसके साथ मारपीट करता था और मायके से दस लाख रुपये लाने का दबाव बनाता था।
परेशान होकर वह बच्चे के साथ मायके आ गई और किराए के मकान में रहने लगी। आराेप है कि 31 मई की शाम को आरोपी उसके किराए के मकान में आया। दहेज की मांग पूरी न होने पर मारपीट की। आरोप है कि गौरव बेटे को जबरन अपने साथ ले जाना चाहता था। मोहल्ले के लोगों के आने पर गौरव जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गया। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर पति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।