अमरोहा। दशहरा पर मंगलवार को जिले में 34 स्थानों पर रावण दहन होगा। सुरक्षा के लिए मेला स्थलों, जुलूस मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस-पीएसी तैनात रहेगी। मजिस्ट्रेट भी ड्यूटी पर रहेंगे। डीएम डॉ. नितिन गौड़ और एसपी लखन सिंह यादव ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं।
शहर के आजाद रोड स्थित जेएस हिंदू इंटर कॉलेज मैदान में मुख्य मेला लगेगा। राम-रावण सेना के युद्ध मंचन के बाद रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतले जलाए जाएंगे। रामलीला कमेटी अध्यक्ष विशाल गोयल ने बताया कि रावण का पुतला 40 फीट और मेघनाथ व कुंभकर्ण के पुतले 30-30 फीट ऊंचे होंगे। शाम सात बजे दहन होगा। आयोजन में 15 से 20 हजार लोगों के पहुंचने का अनुमान है।
डीएम और एसपी लखन सिंह यादव अग्निबाण छोड़कर रावण दहन करेंगे। सीओ सिटी और एसडीएम सदर कुंभकर्ण, जबकि एडीएम मेघनाद के पुतले का दहन करेंगे। एसपी ने बताया कि भीड़ नियंत्रण और अप्रिय घटना से बचाव के लिए दमकल कर्मी भी तैनात रहेंगे।
कहां कब होगा रावण दहन
अमरोहा शहर में 20 अक्तूबर, जोया के इकौंदा में 21 और पतेई खालसा में 22 अक्तूबर को रावण दहन होगा। रजबपुर कस्बे और क्षेत्र के कई गांवों तथा अमरोहा देहात के जलीलपुर बक्काल में 20 अक्तूबर को आयोजन होंगे। धनौरा कस्बे और शेरपुर में भी इसी दिन पुतले जलाए जाएंगे।
बछरायूं-गजरौला क्षेत्र के बछरायूं, गजरौला, तिगरी, कांकाठेर समेत अन्य स्थानों पर 20 अक्तूबर को रावण दहन होगा। सैदनगली क्षेत्र के उझारी में 20 और कस्बा सैदनगली में 24 अक्तूबर को पुतले जलाए जाएंगे। आदमपुर में 20, दढ़ियाल में 21 और ढबारसी में 26 अक्तूबर को रावण दहन प्रस्तावित है। रहरा क्षेत्र के रहरई गांव में भी 26 अक्तूबर को आयोजन होगा।