बकाया वसूली और चेकिंग को लेकर शहर में ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही बिजली टीम मोहल्ला चकली में भारी विरोध का सामना करना पड़ा। मोहल्ले के लोगों ने जबरन परेशान करने का आरोप लगाते हुए जेई समेत तमाम कर्मचारियों को बंधक बना लिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने टीम को छुड़ाया। मामले में विभाग की ओर पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई हैं।
बुधवार को डबल लाइन बिजलीघर क्षेत्र के जेई नरेंद्र शर्मा अपने साथ कुछ कर्मचारियों को लेकर मोहल्ला चकली में पहुंच गए। यहां पहुंचते ही विभागीय कर्मचारी लोगों के घरों में घुसकर बगले झांकने लगे। जिसका उपभोक्ताओं ने विरोध किया तो कर्मचारी अपने तेवर दिखाने लगे। जिसके बाद मोहल्ले के लोगों ने दौड़ाकर जेई व अन्य बिजली कर्मियों को एक कमरे में बंद कर लिया। बिजली कर्मचारियों को बंधक बनने की खबर मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और बिजली टीम को बंधन मुक्त कराया।