मंडी धनौरा। सोशल मीडिया अकाउंट पर युवती की पोस्ट पर अश्लील टिप्पणी कर बदनाम व उसकी पोस्ट को री पोस्ट करने वाले युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी युवक युवती के रिश्तेदारों व मित्रों से धन की मांग भी कर रहा है। पुलिस आरोपी युवक की तलाश में जुटी हुई है।
नगर के एक मोहल्ला में रहने वाली युवती द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के मुताबिक उसका इंस्टाग्राम पर अकाउंट बना हुआ है। वह अपने अकाउंट पर पोस्ट करती रहती है। बीती 13 मार्च से इंस्टाग्राम पर अज्ञात युवक उसकी पोस्ट पर अश्लील टिप्पणी कर रहा है। आरोपी उसकी पोस्ट व वीडियो को रीपोस्ट कर गलत तरीके से प्रस्तुत कर रहा है। युवती का यह भी आरोप है कि युवक उसकी वीडियो को व्यक्तिगत रूप से लोगों को भेज कर बेहद अश्लील संदेश लिख रहा है। उसकी वीडियो को एडिट कर उसे भेज रहा है। इससे उसकी बदनामी हो रही है और परिवार की छवि खराब हो रही है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि आरोपी युवक उसके नाम पर लोगों से धन की मांग कर रहा है। प्रभारी निरीक्षक अमरपाल सिंह ने बताया कि युवती की तहरीर पर कासिम निवासी नन्हेड़ा अहिल्यारपुर थाना अमरोहा देहात के खिलाफ आईटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। संवाद