आईटीआई में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के लिए तारीख को अब आगे बढ़ा दिया गया है। पहले जहां आठ जुलाई की तारीख निर्धारित की गई थी, वहीं अब विद्यार्थी 11 जुलाई तक प्रवेश ले सकेंगे। नोडल प्रधानाचार्य राहुल कृष्ण शर्मा ने बताया कि अवकाश के दिनों में भी प्रवेश लिए जा सकेंगे।
तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा दिए जाने के लिए जिले में पांच आईटीआई अमरोहा, नौगांवा सादात, हसनपुर, गंगेश्वरी व गजरौला का संचालन किया जाता है। इनमें प्रवेश प्रक्रिया के लिए शेड्यूल जारी किया गया था। शुरुआत में प्रवेश के लिए आठ जुलाई की तारीख निर्धारित की गई थी लेकिन संस्थानों में प्रवेश की गति को कम देखते हुए राज्य व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद की ओर से तारीख को आगे बढ़ाते हुए 11 जुलाई कर दिया गया है।
राजकीय आईटीआई अमरोहा के प्रधानाचार्य राहुल कृष्ण शर्मा ने बताया कि कम दाखिले को लेकर वंचित अभ्यर्थियों को मौका देने के लिए परिषद से मांग की गई थी। मंगलवार को परिषद की ओर से दाखिले के लिए 11 जुलाई अंतिम तिथि निर्धारित की है। ऐसे में अभ्यर्थी अपने मूल प्रमाणपत्र व अंकपत्रों व उसकी एक-एक छात्रा प्रति व दो फोटो के साथ निर्धारित तिथि के भीतर प्रवेश प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि पहले चरण में चयन के आधार पर अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
-
556 अभ्यर्थियों ने लिए प्रवेश
जिले की पांचों राजकीय आईटीआई में अभी तक लगभग 50 फीसदी बच्चों के ही प्रवेश हो चुके हैं। ऐसे में तारीख बढ़ने के बाद बच्चाें को प्रवेश लेने में ओर सुविधा हो सकेगी। प्रधानाचार्य ने बताया कि अभ्यर्थियों को अवकाश के दिनों में भी प्रवेश लेने की सुविधा दी जा रही है।
-
किस संस्थान में कितने हुए प्रवेश
संस्थान प्रवेश
अमरोहा 141
हसनपुर 80
गजरौला 118
गंगेश्वरी 117
नौगांवा सादात 100