प्रस्तावित नौगावां सादात तहसील का मानचित्र
- फोटो : amar ujala
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव नौगावां सादात पर मेहरबान दिखाई दे रहे हैं। लोकसभा चुनाव से पहले नौगावां को तहसील बनाने की घोषणा कर गए थे। इसके बाद घोषणा को पूरा करने में देरी हुई तो मेहरबानियों की बारिश कर दी है। 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नौगावां सादात में आने का कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस दिन वह नई तहसील के लिए भवन का शिलान्यास तो करेंगे ही, कई और घोषणाएं भी करेंगे। इसमें नगर पंचायत को नगर पालिका के दर्जे की भी घोषणा कर सकते हैं।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दीं हैं। तहसील के लिए भूमि की तलाश चल रही है। कुछ स्थानों पर सहमति भी बन चुकी है, लेकिन कागजी खानापूर्ति चल रही है। तहसील फिलहाल खंडहर पड़े छात्रावास में चलेगी। इसके अलावा बस अड्डा, कन्या डिग्री कॉलेज की भी घोषणा करेंगे। वहीं नौगावां के प्रवेश द्वार पंचतनी गेट का लोकार्पण भी मुख्यमंत्री के हाथों होगा।
इधर, नगर पंचायत के नए भवन का शिलान्यास 21 मार्च को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद के चेयरमैन मौलाना जावेद आब्दी करेंगे। वहीं 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री नौगावां को नगर पालिका का दर्जा देने की भी घोषणा करेंगे। इसके अलावा कन्या डिग्री कालेज, रोडवेज बस अड्डे की भी घोषणा करेंगे। मुख्यमंत्री ने विशेष अनुदान से हुसैनी चौक के सौंदर्यीकरण भी कराया है।
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का 15 अप्रैल को आने का कार्यक्रम तय हो चुका है। वह नई तहसील के शिलान्यास करेंगे, साथ ही कन्या डिग्री कालेज, रोडवेज बस अड्डा और नगर पालिका की घोषणा भी करेंगे। - मौलाना जावेद आब्दी, चेयरमैन विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद