नगर के वार्ड-36 बेगम सराय खुर्द के सभासद के लिए रिक्त पद पर उपचुनाव की अधिसूचना जारी हो गई है। इसके लिए स्थानीय प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। बृहस्पतिवार से तहसील में प्रपत्रों को खरीदने और जमा करने की प्रक्रिया होगी। तीन दिसंबर तक दावेदार प्रपत्र जमा कर सकेंगे। जबकि, चार दिसंबर को प्रपत्रों की जांच होगी। छह दिसंबर को नाम वापसी और प्रतीक चिह्न आवंटन किए जाएंगे। 17 दिसंबर को मतदान और 19 दिसंबर को मतगणना होगी।
समाजवादी पार्टी के नगर अध्यक्ष व अमरोहा नगरपालिका के वार्ड-36 बेगम सराय खुर्द से डॉ. आफताब सैफी सभासद थे। 14 अगस्त को उनकी हार्टअटैक से मौत हो गई थी। डॉ. आफताब तीसरी बार नगर अध्यक्ष चुने गए थे, जबकि वह पार्टी में जिला कार्यकारिणी के कई पदों पर रहे थे। तत्कालीन सभासद डॉ. आफताब सैफी अमरोहा के मोहल्ला बेगम सराय के रहने वाले थे। उनकी मौत के बाद पद खाली हो गया था। मंगलवार देर शाम राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश के 19 जिलों में खाली सभासद पदों पर उपचुनाव कराने के लिए अधिसूचना जारी की। इसमें अमरोहा नगर कोतवाली क्षेत्र का वार्ड 36 बेगम सराय खुर्द भी शामिल है।
सहायक निर्वाचन अधिकारी नगर निकाय कल्लू सिंह ने बताया कि तहसील में 28 नवंबर से तीन दिसंबर तक सुबह 11 बजे से तीन बजे तक दावेदार प्रपत्र खरीद सकते हैं और जमा कर सकते हैं। चार दिसंबर की सुबह 11 बजे से प्रपत्रों की जांच होगी। छह दिसंबर की सुबह 11 से शाम 3 बजे तक नाम वापसी की प्रक्रिया की जाएगी। इसके बाद प्रत्याशियों को प्रतीक चिह्न आवंटन किए जाएंगे। 17 दिसंबर की सुबह आठ बजे से शाम पांच बजे तक मतदान होगा। इसके अगले दिन 19 दिसंबर की सुबह आठ बजे से मतगणना होगी। इस वार्ड से कौन सभासद बनेगा, इसकी घोषणा भी मतगणना के तुरंत बाद की जाएगी।