अमरोहा। जिला योजना समिति के सदस्य पद के लिए नामांकन 27 अगस्त को है। इसके लिए तैयारी पूरी कर ली गई है। कलक्ट्रेट के कक्ष संख्या दो में फॉर्म जमा किए जाएंगे। इसके साथ ही नामांकन फॉर्म खरीदने का मौका आज भी है। जिला पंचायत के कोटे के 15 पदों के लिए प्रत्याशी के साथ प्रस्तावक और अनुमोदक जरूरी है। शाम चार बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी।
जिला पंचायत के कोटे से 15 सदस्यों का जिला योजना समिति के लिए निर्वाचन होना है। दावेदार 31 अगस्त को नामांकन फॉर्म वापस ले सकते हैं। इसके लिए सुबह 11 से दोपहर तीन बजे तक का मौका है। वहीं तीन सितंबर को सुबह आठ से दोपहर तीन बजे तक मतदान होगा। इसके लिए कुल 27 जिला पंचायत सदस्य निर्वाचन प्रक्रिया में प्रतिभाग कर सकते हैं। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कल्लू सिंह ने बताया कि जिला पंचायत के कोटे से योजना समिति के चुनाव होने हैं। कुल 27 पदों के लिए 21 सदस्यों ने 43 नामांकन फॉर्म खरीदा है। नामांकन फॉर्म की बिक्री 27 अगस्त को भी होगी।
आरक्षित कोटे से फॉर्म भरेंगे तो उसी सीट है निर्वाचन है जरूरी
जिला योजना समिति के सदस्य पद के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने स्पष्ट कर दिया है। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी कल्लू सिंह ने बताया कोई सदस्य आरक्षित कोटे से चुनाव के लिए फॉर्म भरता है तो उस वर्ग के कोटे से जिला पंचायत सदस्य होना चाहिए। वरना फॉर्म निरस्त हो सकता है। उदाहरण के तौर पर अन्य पिछड़े वर्ग का व्यक्ति अनारक्षित वार्ड से जिला पंचायत सदस्य चुना गया तो वह जिला योजना समिति के सदस्य के लिए अन्य पिछड़ा वर्ग के कोटे से फॉर्म भरने के योग्य नहीं है। ऐसा ही आरक्षण के अन्य मामले में लागू है।
43 फॉर्म खरीदे गए
अमरोहा। अनुसूचित जाति के तीन लोगों ने पांच फॉर्म खरीदे हैं। जबकि अनुसूचित जाति महिला के लिए दो ने तीन फॉर्म मंगाए हैं जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग के चार सदस्यों ने आठ फॉर्म खरीदे हैं, जबकि अन्य पिछड़ा वर्ग महिला के तीन सदस्यों ने पांच फॉर्म मंगाए हैं। वहीं अनारक्षित वर्ग के पांच सदस्यों ने 11 फॉर्म खरीदे हैं जबकि अनारक्षित सात महिला सदस्यों ने 11 फॉर्म मंगाए हैं।
इन पदों पर होने है चुनाव
अनारक्षित------------------5
अनारक्षित महिला----------3
अनुसूचित जाति------------2
अनुसूचित जाति महिला----1
अन्य पिछड़ा वर्ग------------3
अन्य पिछड़ा वर्ग महिला-----1
272 करोड़ के बजट पर लगेगी मुहर
अमरोहा। जिला योजना समिति में कुल 48 विभागों द्वारा कुल 272.27 करोड़ के बजट तैयार किए गए हैं फिलहाल विभिन्न विभागों को 67.38 करोड़ रुपये मिल सके हैं। विभागों के बजट का नए सदस्यों के निर्वाचन के बाद मुहर लगेगी। खास बात यह है कि जिले में प्रभारी मंत्री विजय कश्यप के निधन के बाद सरकार ने किसी को नामित नहीं किया है।