अमरोहा। साप्ताहिक लॉकडाउन के बाद सोमवार को दुकानें खुलने के बाद बाजारों में उमड़ी भीड़ ने सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ाईं। मुख्य बाजार आदि में कोविड-19 गाइडलाइन का खुलेआम उल्लंघन हुआ।
प्रदेश सरकार ने कोरोना संक्रमण की रोकथाम को लेकर साप्ताहिक लॉकडाउन घोषित किया है। सप्ताह में दो दिन शनिवार और रविवार की साप्ताहिक बंदी की है। लगातार दो दिन बंद रहने के बाद सोमवार को बाजार खुलते ही दुकानों पर भीड़ उमड़ने लगी। कपड़े, इलेक्ट्रानिक्स, कास्मेटिक आदि की दुकानों पर भीड़ इतनी ज्यादा थी कि दुकानदार भी रोकने में असमर्थ दिखे। महिलाओं की भीड़ एक दूसरे का हाथ पकड़े दुकानों में घुसे जा रही थी। दुकानदारों ने भी अपनी तरफ से रोकने का प्रयास नहीं किया। पूरे दिन बाजार में यही सिलसिला जारी रहा। बाजार में कहीं भी पुलिस नहीं दिखाई दिए। लोग पूरे दिन नियमों को ताक पर रखकर गाड़ियां दौड़ाते नजर आए। बाजार की सड़कों पर भीड़ के चलते जाम जैसे हालात बने रहे।