खेत के आसपास न बिजली कनेक्शन है, न बिजली की लाइन। किसान ट्रैक्टर से फसलों की सिंचाई करता है। ऐसे में जेई ने बिजली चोरी का आरोप लगाकर 20 हजार रुपये मांगे। नहीं देने पर किसान के बेटे के खिलाफ झूठी एफआईआर दर्ज करा दी। किसान ने अफसरों से मामले की शिकायत की तो जेई ने साथ गाली-गलौज की। जान से मारने की धमकी दी। पुलिस में सुनवाई नहीं होने पर अब कोर्ट के आदेश पर देहात थाना पुलिस ने जेई के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
गजरौला थानाक्षेत्र के इसापुर गांव में किसान कृपाल सिंह का परिवार रहता है। उन्होंने कुछ दिन पहले अपने खेत में नया बोरिंग कराया था। खेत के आसपास विद्युत कनेक्शन, हाईटेंशन या एलटी लाइन नहीं है। ऐसी स्थिति में वह अपने खेत की सिंचाई ट्रैक्टर से करते हैं। आरोप है कि नौ जून 2021 की दोपहर वह अपने खेत के बोरिंग से पंखा और पटा निकाल कर घर लौट रहे। तभी कोठी खिदमतपुर विद्युत बिजली घर पर तैनात जेई मुनेंद्र कश्यप मिल गए। आरोप है कि जेई ने बिजली चोरी की मोटर चलाने का आरोप लगाया। विरोध करने पर गाली गलौज की और जान से मारने की धमकी दी। अवैध रूप से 20 हजार रुपये की डिमांड की। किसान ने रुपये देने से इनकार कर दिया तो जेई ने उसके बेटे अंकुश उर्फ संटी के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत फर्जी रिपोर्ट दर्ज करा दी।
इस संबंध में किसान ने डीएम और एसपी से शिकायत की तो जेई नाराज हो गया। उसने 23 जून को किसान के घर पहुंचकर गाली गलौज की। किसान ने मामले की शिकायत थाने में की तो कोई सुनवाई नहीं हुई। लिहाजा उसने न्यायालय की शरण ली। सीओ सिटी विजय कुमार राणा ने बताया कि सीजेएम के आदेश पर कोठी खिदमतपुर बिजलीघर पर तैनात जेई मुनेंद्र कश्यप के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। वह मुरादाबाद जनपद के नागफनी थानाक्षेत्र के सकरनगर डिप्टीगंज के रहने वाले हैं। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है।