अमरोहा। विधानसभा चुनाव के मद्देनजर कलक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया के चलते शुक्रवार से 28 जनवरी तक भारी वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। जोया की तरफ से आने वाले भारी वाहन अतरासी चौराहे से अमरोहा की तरफ आएंगे, जबकि अमरोहा की तरफ से जोया जाने वाले वाहनों को बंबूगढ़ तिराहे से संभल चौराहे की तरफ भेजा जाएगा। वहीं जोया-अमरोहा के बीच में शहर की तरफ से प्रवेश करने वाले वाहनों को हिल्डन कॉनवेंट स्कूल और जोया की तरफ से आने वाले वाहनों को कचहरी रोड पर डायवर्ट किया जाएगा। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए 15 जगह पुलिस पिकेट लगाए गई है।
विधानसभा चुनाव को लेकर आज से कलक्ट्रेट में नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है। सपा, भाजपा, बसपा, कांग्रेस समेत विभिन्न दलों के प्रत्याशी नामांकन कराएंगे। प्रशासन को अंदेशा है कि पाबंदी के बाद भी प्रत्याशी नामांकन के दौरान शक्ति प्रदर्शन कर सकते हैं। ऐसा हुआ तो सड़कों पर समर्थकों का रेला उमड़ेगा। जाम की स्थिति भी हो सकती है। इनको रोक पाना पुलिस-प्रशासन के लिए भी मुश्किल भरा होगा। हालांकि समर्थक जुलूस नहीं निकाल सकें, इसके लिए पूरे प्रबंध किए गए हैं। जोया से टीपी चौराहा तक 15 स्थानों पर पुलिस पिकेट लगाई गई है। कलक्ट्रेट में सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। बड़ी संख्या में फोर्स लगाया गया है। गेट-2 से ही प्रत्याशी नामांकन के लिए कलक्ट्रेट में प्रवेश कर सकेंगे।
एसपी पूनम ने बताया कि नामांकन प्रक्रिया के चलते जोया-अमरोहा रोड पर भारी वाहनों के आवागमन पर प्रतिबंध रहेगा। कलक्ट्रेट के आसपास रोड वनवे रहेगा। इसके अलावा जोया की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को रोककर अतरासी चौराहे से निकाला जाएगा। जबकि शहर की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को बंबूगढ़ तिराहे से संभल चौराहे की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। इसके लिए यातायात पुलिस 14 पुलिस कर्मी तैनात किए गए हैं।
एक कंपनी पीएसी की भी रहेगी
एसपी पूनम ने बताया कि नामांकन ड्यूटी में एक डिप्टी एसपी, चार सीओ, छह इंस्पेक्टर, सात थानाध्यक्ष, 21 उपनिरीक्षक, 16 हेड कांस्टेबल, 117 आरक्षी और एक कंपनी पीएसी की तैनात रहेगी। प्रत्याशियों के वाहनों की गेट-2 से इंट्री होगी, लेकिन उम्मीदवारों के वाहन कलक्ट्रेट परिसर में प्रतिबंधित रहेंगे।