अमरोहा। कोरोना वायरस का नया स्वरूप (वेरिएंट) मिलने के बाद विदेशी यात्रा करके अमरोहा लौटे 32 लोगों में लापता चार लोगों का सुराग रविवार को भी नहीं मिल सका है। स्वास्थ्य विभाग लगातार उनके संपर्क बनाने में जुटा है। लेकिन उनका फोन बंद आ रहा है। हालांकि विभाग विदेश से अमरोहा आए 28 लोगों की कोरोना की आरटीपीसीआर जांच करा चुका है, जो सभी नेगेटिव है। विदेशी यात्रा करके कोई व्यक्ति रविवार को अमरोहा नहीं पहुंचा है। सीएमओ ने बाहर से आने वाले लोगों को छिपने की बजाय सामने आकर कोरोना की जांच कराने की अपील की है।
दक्षिण अफ्रीका, हांगकांग और बोत्सवाना में कोरोना वायरस का नए वेरिएंट बी.1.1.529 सामने आने के बाद स्थानीय स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर है। जिले में सतर्कता बढ़ा दी गई है। विदेश आने वाले हरके व्यक्ति पर नजर रखी जा रही है। कोरोना के नए वेरिएंट सामने आने के बाद यूके, अमेरिका, दुबई सहित कई देशों से 32 लोग अमरोहा लौटे हैं। हवाई अड्डो से मिली सूची के आधा पर स्वास्थ्य विभाग ने सभी लोगों से संपर्क करके 28 की आरटीपीसीआर जांच कराई थी, जिसकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। लेकिन विदेशी यात्रा करने वाले चार लोग ऐसे भी लापता हैं। स्वास्थ्य विभाग का उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा है। उनका फोन नंबर भी बंद हैं। हालांकि सर्विलांस टीम चारों लोगों संपर्क करने की कोशिश कर रही है।
सीएमओ डॉ संजय अग्रवाल ने बताया कि विदेश यात्रा करके लौटे चार लोगों से रविवार को भी संपर्क नहीं हो सका है। उन्होंने बताया कि पिछला समय सबने देखा है, कोरोना को लेकर क्या हालात थे। इसलिए विदेश यात्रा या बाहर राज्यों से आने वाले लोगों को छिपने की बजाय स्वयं कोरोना की आरटीपीसीआर जांच करा लेनी चाहिए। रविवार को विदेश से कोई भी व्यक्ति अमरोहा नहीं आया है।