श्रावण माह में कांवड़ियों की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए शुक्रवार शाम को नेशनल हाईवे को वन-वे कर दिया जाएगा। यदि हाईवे पर और कावंड़ियों की संख्या और बढ़ी तो शनिवार से पूर्ण रूप से रूट डायवर्जन लागू कर दिया जाएगा। कांवड़ियों की सुरक्षा को हाईवे पर जगह-जगह पुलिसकर्मी तैनात हो गए। पुलिस अफसरों ने भ्रमण कर डायवर्जन व कांवड़ियों की सुरक्षा का जायजा लिया।
श्रावण माह में कांवड़ियों की सुरक्षा के साथ ही ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए शुक्रवार शाम से सोमवार दोपहर तक रूट डायवर्ट करने का फैसला लिया गया था। पहले सोमवार को नेेशनल हाईवे पर कांवड़ियों की भीड़ कम रहने से हाईवे को वन-वे करने की भी जरूरत नहीं पड़ी।
दूसरे सोमवार को लेकर कांवड़ियों की संख्या कुछ बढ़ी तो हाईवे को वन-वे कर दिया गया था। इस बार भी शुक्रवार को हाईवे को पहले वन वे ही किया जाएगा। यदि कावंड़ियों की भीड़ बढ़ी तो शनिवार से रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा। इधर, भोले बाबा को जलाभिषेक करने के लिए दूरदराज के कांवड़ियों का ब्रजघाट आना शुरू हो गया है। यह गंगाजल भरकर निकलेंगे।
डायवर्जन पर यह रहेगा वाहनों के लिए रूट
मुुुरादाबाद से दिल्ली की ओर आने-जाने वाले वाहन
मुरादाबाद से दिल्ली की तरफ जाने वाले वाहन कांठ, बिजनौर, स्योहारा, धामपुर, बैराज, मीरापुर, मवाना, मेरठ, मोदीनगर होते हुए निकाले गए।
हापुड़ व मेरठ से रामपुर की ओर का ट्रैफिक
हापुड़ व मेरठ से रामपुर की ओर जाने वाला ट्रैफिक गढ़म़ुक्तेश्वर चौपला से स्याना, बुलंदशहर, डिबाई, नरौरा, बबराला, बहजोई, चंदौसी वाया शाहबाद होकर गुजरे।
अमरोहा से दिल्ली आने-जाने वाले वाहन
दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहनों को शिवाला कलां, नूरपुर, बिजनौर, मेरठ, मवाना, गाजियाबाद होते हुए दिल्ली तक पहुंचे।
गजरौला व हसनपुर से दिल्ली की ओर आने-जाने वाला ट्रैफिक
यहां से संभल, बहजोई, बबराला, नरौरा, बुलंदशहर, दूसरा मार्ग हसनपुर से रहरा, गवां, अनूपशहर से गुजारा गया।
नेशनल हाईवे पर शुक्रवार को पहले वन वे किया जाएगा। शनिवार को हाईवे पर शिवभक्तों की भीड़ बढ़ी तो रूट डायवर्जन लागू किया जाएगा।
शील कुमार, सीओ सिटी