स्कूटी सवार मामा-भांजे को तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी ने टक्कर मार दी। हादसे में भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मामा गंभीर रुप से घायल हो गया। मामा को चिकित्सकों ने रेफर किया है।
शनिवार को सुबह करीब दस बजे हसनपुर संभल रोड पर उझारी के पास एक तेज रफ्तार मैक्स गाड़ी ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में बिलाल (16) पुत्र अब्दुल वाहिद निवासी मियां सराय संभल और उसका मामा गुफरान पुत्र अकरम निवासी दिल्ली गंभीर रुप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस पहुंची और दोनों को सामुदायिक केंद्र में ले गई, जहां चिकित्सकों ने बिलाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गुफरान की हालत गंभीर होने पर उसे रेफर कर दिया। युवकों की जेेब से मिले मोबाइल के आधार पर पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी। बताया जा रहा है कि मामा-भांजा दिल्ली में सिलाई का काम करते हैं। शनिवार की सुबह वह स्कूटी से संभल अपने घर लौट रहे थे। तभी उझारी के पास हादसा हो गया। हादसे के बाद मैक्स चालक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में ले लिया है।