अमरोहा। अस्थायी गो आश्रय स्थल के संचालन में लापरवाही पर गजरौला ब्लॉक की पंचायत मोहम्मदाबाद के प्रधान व सचिव को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जिले के गो आश्रय स्थलों के संचालन में लगातार लापरवाही सामने आ रही है। 15 जुलाई को सीवीओ डॉ. आभा दत्त व डिप्टी सीवीओ डॉ. चमन प्रकाश ने गजरौला क्षेत्र के गांव मोहम्मदाबाद में अस्थायी गोआश्रय स्थल का निरीक्षण किया था। इस दौरान सीवीओ को शेड के नीचे भीगा व खराब हालत में रखा करीब 30 क्विंटल भूसा मिला था। उन्होंने उस भूसे को पशुओं को न खिलाने के निर्देश दिए। साथ ही गोवंश भूखे व नांद भी खाली मिली थी। गोवंशों को कुछ दिनों से हरा चारा भी नहीं दिया जा रहा था।
चारा मशीन के पास भी तीन से चार दिन पुराना चारा पड़ा मिला था। सफाई व्यवस्था भी ठीक नहीं थी। जिसे गो आश्रय स्थल के संचालन में लापरवाही मानते हुए डीपीआरओ पारूल सिसोदिया ने ग्राम प्रधान व सचिव का स्पष्टीकरण तलब करते हुए जवाब के लिए एक सप्ताह का समय दिया है। उन्होंने बताया कि गो आश्रय स्थलों के संचालन में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।