अमरोहा। गजरौला के डीपीएस क्रिकेट एकेडमी में खेले गए मुकाबले में कृष के शानदार गेंदबाजी की बदौलत नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी रेड ने ब्लू की टीम को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी ब्लू की टीम निर्धारित 20 ओवर भी पूरे नहीं कर सकी और 19.5 ओवर में 105 रन पर आठ विकेट गंवा बैठी। इसके जवाब में नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी रेड ने महज 14.1 ओवर में एक विकेट खोकर 108 रन बनाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी ब्लू टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। आशीष ने 22 गेंदों में एक चौके और दो छक्कों की मदद से 26 रन बनाए, जबकि मयंक यादव ने 20 गेंदों में तीन चौकों के साथ 23 रन जोड़े। आरहान ने 40 गेंदों पर 18 और कप्तान यश ने 11 रन का योगदान दिया। अन्य बल्लेबाज बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे। नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी रेड की ओर से कृष ने गेंदबाजी में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में महज 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए। कप्तान दिशु गुर्जर ने 3.5 ओवर में 21 रन देकर दो विकेट हासिल किए। बिलाल खान ने चार ओवर में एक मेडन के साथ केवल छह रन खर्च किए। अयान चौधरी, सलमान और रिहान को भी एक-एक विकेट मिला।
106 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीलकंठ क्रिकेट एकेडमी रेड ने आक्रामक शुरुआत की। सलामी बल्लेबाज रिहान ने साथी बल्लेबाज के साथ पहले विकेट के लिए 100 रन की साझेदारी कर जीत आसान कर दी। रिहान 13.4 ओवर में 100 के स्कोर पर आउट हुए। इसके बाद टीम ने 14.1 ओवर में 108 रन बनाकर नौ विकेट से जीत दर्ज की। ब्लू टीम की ओर से कप्तान यश ने एकमात्र विकेट लिया।