अमरोहा। 25 मार्च से चैत्र नवरात्र शुरू हो रहे हैं। इसको लेकर जहां मंदिर में साफ-सफाई शुरू हो गई है। वहीं माता रानी की आकर्षित प्रतिमाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बाजार पूजन सामग्री से गुलजार होने लगे हैं। भक्त नौ दिनों तक व्रत रखकर दुर्गा मां की पूजा-अर्चाना कर परिवार की खुशहाली की कामना करेंगे।
मां भगवती के यह नवरात्र 25 मार्च से शुरू होकर दो अप्रैल रामनवमी पर संपन्न होंगे। महिलाएं नौ दिन तक मंदिरों में माता रानी का गुणगान करती हैं। चैत्र नवरात्र मद्देनजर नगर में तैयारियां आरंभ हो गई हैं। मां दुर्गा के मंदिरों की साफ-सफाई होने लगी है। बाजारों में दुकानों पर पूजा सामग्री के अलावा सुंदर-सुंदर रंग बिरंगी चुनरी सजने लगी हैं। मां के नौ स्वरूपों वाले चित्र की भी खूब डिमांग रहती हैं। दुकानदार पवन अग्रवाल के मुताबिक इस बार पिछले वर्ष की अपेक्षा पूजन सामग्री और अन्य सामानों की कीमत में वृद्धि हुई है। चुनरी 10 से लेकर 200 रुपये तक में मिल रही है। कुछ श्रद्धालु नवरात्र पर लगातार नौ दिनों तक व्रत रहकर माता की पूजा करते हैं। नवरात्र शुरू होते ही फलों की कीमत में उछाल लाजमी है। बड़ा बाजार स्थित प्रसिद्ध बाबा गंगानाथ मंदिर से पड़ित आशुतोष त्रिवेदी ने बताया कि इस बार चैत्र नवरात्र 25 अक्तूबर से शुरू होकर दो अप्रैल को समाप्त होंगे। नवरात्रों में कोई कार्य करना शुभ माना जाता है।
इस दिन इन देवियों की होगी पूजा
पहले दिन देवी शैलपुत्री
दूसरे दिन ब्रह्मचारिणी
तीसरे दिन चंद्रघंटा
चौथे दिन कूष्मांडा
पांचवें दिन स्कंध माता
छठे दिन कात्यायिनी
सातवें दिन कालरात्रि
आठवें दिन महागौरी
नौवें दिन सिद्धिदात्री