अमरोहा। शारदीय नवरात्र सात अक्तूबर से शुरू हो रहे है। इस पर्व के मद्देनजर शहर सहित ग्रामीण क्षेत्रों की बाजारों में पूजन सामग्री की दुकानें सजा दी गई हैं। नारियल, चुनरी सहित पर्व से संबंधित सामानों की लोगों की तरफ से खरीदारी शुरू कर दी गई है। पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से लेकर रात तक खरीदारों के पहुंचने का सिलसिला बना रहा।
दुकानदारों ने पर्व पर खरीदारों की भीड़ में अच्छा इजाफा होने की संभावना जताई है। वहीं, फलाहार से जुड़ी सामग्रियों के दाम एकाएक बढ़ गए हैं। सप्ताह भर के भीतर ही मूंगफली, साबूदाना, सिंघाड़ा एवं मेवे के दामों में उछाल देखा गया है। नवरात्र को लेकर शहर के बाजारों में चुनरी, नारियल, कलश की खरीदारी शुरू हो गई है। नवरात्र में व्रत रखने वाले लोग मुख्य रूप से फलाहार में साबूदाना, सिंघाड़ा, कुट्टू का आटा और मेवे से बनने वाली खाद्य सामग्री का सेवन करते हैं। वहीं आलू और मौसमी फलों की मांग भी बढ़ जाती है। अभी फलों को छोड़ दिया जाए तो बीते सप्ताह 120 रुपये प्रति किलो की दर से मिल रहा सिंघाड़े का आटा अब 140 रुपये प्रति किलो में बिक रहा है। इसी तरह मखाने के दाम में भी 100 रुपये प्रति किलो तक का उछाल आया है। इसके अलावा बादाम, काजू, किशमिश, चिरौंजी आदि के दाम में भी वृद्धि हुई है। नारियल के व्यापारियों ने भी दक्षिण भारत से अच्छी खेप मंगवा ली है। आमतौर पर 10 से 20 रुपये में मिलने वाला नारियल भी 20 से 30 रुपये तक में मिल रहा है। वहीं बड़ा बाजार स्थित दुकानों पर देवी मां को चढ़ने वाली चुनरी, नारियल, कलश की दुकानें सज गईं हैं। कारोबारी अतुल शर्मा के मुताबिक नवरात्र के दौरान फलाहार की सामग्रियों की मांग बढ़ने पर दाम और बढ़ सकते हैं।