अमरोहा रजबपुर क्षेत्र के जमापुर गांव के प्राथमिक विद्यालय की टीन शेड में चल रही पाठशाला
- फोटो : amar ujala
बेसिक शिक्षा विभाग के अफसरों की अनदेखी के चलते जमापुर गांव में टीन शेड के नीचे भीषण गर्मी में बच्चों की पाठशाला चल रही है। वो भी एक व्यक्ति के निजी मकान के अंदर। गर्मी से बच्चों का बुराहाल है। विभागीय अधिकारी इस ओर से बेखबर हैं।
बता दें कि जनवरी माह में जमापुर प्राथमिक विद्यालय में ट्रक घुसने से विद्यालय का भवन जर्जर हो गया था। तभी से विद्यालय गांव के ही एक व्यक्ति के मकान में टीन शेड में चल रहा है। पर्याप्त सुविधाओं का अभाव है। विद्यालय में 18 बच्चे पंजीकृत हैं। दो शिक्षक कार्यरत हैं। भीषण गर्मी में टीन शेड के नीचे पाठशाला चलने से बच्चों का गर्मी से बुराहाल है।
विद्यालय का भवन क्षतिग्रस्त होने के चार माह बाद भी विद्यालय भवन की मरम्मत नहीं कराई गई है। इस ओर विभागीय अधिकारियों को कोई ध्यान नहीं है। विभाग की अनदेखी के चलते अभिभावकों में रोष व्याप्त है।
विद्यालय की प्रधान अध्यापिका कंचन ने बताया कि विद्यालय भवन की मरम्मत को विभाग से धनराशि आवंटित हो चुकी है। जल्द ही विद्यालय की मरम्मत कराई जाएगी। विद्यालय भवन तैयार होने के बाद बच्चों को स्कूल में शिफ्ट कर दिया जाएगा। जहां पाठशाला चल रही है यहां भी बच्चों को कोई परेशानी नहीं है।