अमरोहा के प्रस्तावित नौगावां तहसील का मैप
- फोटो : amar ujala
तहसील भवन पर ‘महाभारत’ रुकने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन माननीयों के पक्ष-विपक्ष में तमाम लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। अब इत्तेहादुल मुस्लेमीन यूथ फाउंडेशन ने विधायक अशफाक अली खां पर निशाना साधा है।
उसके पदाधिकारियों का कहना है कि, चुनाव में हार के डर से विधायक नगर का माहौल बिगाड़ने में जुटे हैं। नगर का कोई विकास नहीं कराया है और न ही नागरिकों की समस्याएं सुनी हैं। आरोप लगाया कि, वे तहसील भवन प्रकरण को मुद्दा बनाकर शिया-सुन्नी को बांटने की कोशिश कर रहे हैं।
इत्तेहादुल मुस्लेमीन यूथ फाउंडेशन नौगावां सादात के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित शिकायती पत्र अधिशासी अधिकारी को सौंपा। इसमें कहा है कि नगर में सभी धर्मों के लोग प्यार मोहब्बत से रहते हैं। किसी का किसी से कोई विवाद नहीं है, मगर विधायक अशफाक अली खां ने नगर का कोई विकास नहीं कराया है।
अब चुनाव नजदीक आने पर हारने का डर सता रहा है। इसलिए वह माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस मौके पर नदीम, अब्दुल सलाम, नन्हे, महसर अंसारी, जाहिद अंसारी, जुल्फिकार, नौशाद, शमशाद, प्रेम सिंह मौजूद थे।