स्वीप के तत्वावधान में मतदाता जागरूकता रैली निकाली गई। जिलाधिकारी बालकृष्ण त्रिपाठी ने झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। उन्होंने कहा कि मजबूत लोकतंत्र के लिए प्रत्येक वोट बहुत जरूरी है। ईमानदारी एवं निष्पक्षता के साथ मताधिकार का इस्तेमाल करने की अपील की।
जागरूकता रैली राजकीय इंटर कॉलेज से होते हुए टीपीनगर चौराहा, दानिसमंदान, कोट चौराहा, शफातपोता, गुजरी, सराफा बाजार, बसावन गंज, कोतवाली, बड़ा बाजार, मंडी चौब चौराहा होते हुए कॉलेज पर जाकर समाप्त हुई। रैली में एनसीसी, एनएसएस और स्काउट के छात्रों के साथ-साथ विद्यालयों के शिक्षक और प्रधानाचार्य कोविड की गाइडलाइन का पालन करते हुए साथ रहे। 14 फरवरी को मतदान करने की अपील की गई। मतदान के प्रति जागरूकता संबंधी स्लोगन लिखी टोपियां पहनकर लोग रैली में लोग शामिल रहे। इस मौके पर अपर जिलाधिकारी न्यायिक माया शंकर, स्वीप प्रभारी और जिला विद्यालय निरीक्षक रामाज्ञा कुमार, स्वीप कोऑर्डिनेटर और जेएस हिंदू इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. जीपी सिंह, दिनेश चिकारा, खुर्शीद हैदर जैदी, डॉ जमशेद कमाल, आदिल अब्बासी, खुर्शीद अनवर, सीपी सिंह, सुमन सैनी आदि मौजूद रहे।