गजरौला (अमरोहा)। नगर निवासी एक हिंदू युवती को मुस्लिम युवक ने हिंदू बताते हुए देवी-देवताओं की फोटो दिखाकर और हनुमान चालीसा सुनाकर प्रेमजाल में फंसाकर दुष्कर्म किया। गर्भवती होने पर कई बार युवती का गर्भपात कराया। जानकारी होने पर उसे व परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपी व उसके साथी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
युवती ने थाने में तहरीर देकर बताया कि साल भर पहले उसकी स्नैपचैट पर युवक का संदेश आया। युवक ने खुद को तिगरिया भूड़ रेलवे फाटक का निवासी हिंदू युवक बताया। युवती का आरोप है कि हिदायत के बावजूद वह लगातार संदेश भेजता और एक बार मिलने के लिए कहता। आरोपी ने 22 मार्च 2025 काे उसे मिलने के लिए अपने घर पर बुलाया, लेकिन झूठ बोलकर उसे कार में बैठाकर पक्के पुल की तरफ ले गया। आरोपी ने खुद को नीम करौली बाबा का भक्त बताते हुए उससे शादी का प्रस्ताव रखा। आरोपी ने उसे हनुमान चालीसा की पंक्तियां सुनाईं। कहा कि मैं तुम्हारे बिना नहीं जी सकता। तुमने शादी से मना किया तो मैं मर जाऊंगा। उसके मना करने पर भी युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। इससे वह गर्भवती हो गई। यह बात उसने साहिल को बताई और उससे शादी करने के लिए कहा। इस पर उसने आत्महत्या कर लेने की बात कही। उसे जबरन गर्भपात की दवाई खिलाते हुए कहा कि शादी में समय लगेगा।
आरोप लगाया कि वह किसी न किसी बहाने धोखाधड़ी कर उससे रुपये ऐंठता रहा। उसकी फ्रेंड सर्किल में अधिकांश मुस्लिम युवक थे, जिनमें जुनैद अक्सर साथ रहता था। वह भी कई बार उससे पैसों की मांग करता था। साथ ही संबंध बनाने के लिए कहता था। इन्कार करने पर धमकी देता था कि साहिल के पास जो अश्लील फोटो व वीडियो हैं, उनको वायरल कर दूंगा। जिसकी शिकायत करने पर साहिल ने पैसों की मजबूरी बताते हुए जल्द शादी करने की बात कही। उसके रुपये मांगने पर युवती ने 30 जुलाई-25 को उसे सोने की अंगूठी, दो जोड़ी कुंडल व नथ दे दिए। इसके बाद भी उसने कई बार शारीरिक संबंध बनाए।
बताया कि एक दिन उसने साहिल को फोन किया तो एक लड़की ने उठाया और खुद को साहिल की पत्नी बताया। जिस पर उसे पता चला कि साहिल मुस्लिम है और शादीशुदा है। उसने युवती से मुस्लिम धर्म अपनाने के बाद ही शादी करने की बात कही। उसे जान से मारने की धमकी दी। यह भी धमकी दी कि उसके परिवार को जुनैद जान से मार देगा। पुलिस ने उसकी तहरीर पर साहिल निवासी विजय नगर व जुनैद के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। इंस्पेक्टर मनोज कुमार का कहना है कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी हाथ नहीं लगा है। जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हिंदू संगठनों में है उबाल
गजरौला। हिंदू युवती के साथ शादीशुदा मुस्लिम युवक द्वारा हिंदू बनकर और शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने की जानकारी बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद के पदाधिकारियों को हुई तो उनमें आक्रोश फैल गया। बजरंग दल पश्चिमी उत्तर प्रदेश के प्रांत गोरक्षा प्रमुख हेमंत सारस्वत का कहना है कि यह लव जिहाद का मामला है। आरोपी व उसके साथी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी नहीं की गई तो संगठन के कार्यकर्ता आंदोलन के लिए मजबूर होंगे।