अवैध संबध के शक में सोमवार रात गांव नादनौर में दो पक्ष भिड़ गए। खूनी संघर्ष में गंभीर रूप से जख्मी एक छात्र की मौत हो गई। पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर दो सगे भाइयों के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।मौत की जानकारी होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव नादनौर में रात गोपीचंद, राजाराम पुत्रगण दयाचंद का गांव के ही रवि पुत्र राजवीर सिंह के साथ उसके घर पर विवाद हो गया। इसमें दोनों ओर से तमकर लाठी डंडे चले। खूनी संघर्ष में रवि और राजाराम घायल हो गए। सिर में चोट लगने से चांदपुर क्षेत्र के एक डिग्री कॉलेज के बीए प्रथम वर्ष के छात्र रवि (18) की हालत नाजुक थी।
उसे रात को ही सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया, यहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। मंगलवार सुबह इलाज के दौरान यहां उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की जानकारी से परिजनों में कोहराम मच गया। वे रोते-बिलखते अमरोहा पहुंचे। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई।
उसने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने मृतक के भाई अरविंद की तहरीर पर गोपीचंद व राजाराम के खिलाफ गैर इरादतन हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
गोपीचंद और रवि में पहले भी हो चुकी थी मारपीट
मंडी धनौरा। यदि ग्रामीणों की बात पर यकीन किया जाए तो मृतक रवि की आरोपी गोपीचंद की पत्नी के साथ नजदीकी थी। इसको लेकर गोपीचंद ने अपनी पत्नी और रवि को कई बार समझाया था। पहले भी गोपीचंद और रवि के बीच इसको लेकर मारपीट हो चुकी थी। बिरादरी के लोगों ने भी कई बार दोनों पक्षों में समझौता कराया था।
इधर, सोमवार रात गोपीचंद ने अपनी पत्नी को रवि के साथ बातचीत करते देख लिया। इस पर गोपीचंद अपने भाई राजाराम के साथ उसके घर शिकायत करने गया। आरोप है कि, इस पर रवि दोनों भाइयों से उलझ गया। फिर क्या था दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चलने लगे। इसमें घायल रवि की मौत हो गई।
बिरादरी के लोगों की बात मान लेता तो नहीं जाती जान
मंडी धनौरा। बिरादरी के तमाम लोगों ने समझौते के दौरान रवि को गोपीचंद की पत्नी से दूरी बनाने की हिदायत दी थी, मगर वह नहीं संभला। आखिरकार मारपीट में उसकी मौत हो गई।