गांव झुंडी माफी में दो सगी बहनों की रहस्यमयी मौत की गुत्थी अभी सुलझ भी नहीं पाई थी, कि सैदनगली में मंगलवार रात करीब 11 बजे गांव में ही महर्षि वाल्मीकि जयंती के कार्यक्रम में शामिल होने घर से अकेली निकली युवती का शव बुधवार को आम के बाग में पड़ा मिला। बुधवार दोपहर को शव मिलते ही सनसनी फैल गई। परिजनों ने युवती की हत्या मानते हुए तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सैदनगली के मोहल्ला भीमनगर निवासी लखपत सिंह की बड़ी बेटी बेबी (18) मंगलवार शाम को गांव में वाल्मीकि बस्ती में आयोजित महर्षि वाल्मीकि के कार्यक्रम को देखने के लिए परिजनों से जिद कर रही थी। परिजनों के मुताबिक कार्यक्रम स्थल घर से दूर होने की वजह से बेबी को जाने से मना कर दिया गया था। लेकिन जब रात करीब 11 बजे सारे परिजन सो गए, तो बेबी चुपचाप उठकर कार्यक्रम देखने के लिए चली गई।
सुबह को जब बेटी घर पर नहीं मिली तो, परिजनों को चिंता हुई। काफी तलाश किया गया, लेकिन बेबी का कोई सुराग नहीं मिल पाया। वहीं दोपहर के समय एक आम के बाग में एक युवती का शव मिलने की सूचना पर परिजन भी वहां पहुंच गए और बेटी की लाश देखकर होश उड़ गए। बेटी की लाश मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया गया। मृतक बेबी के चाचा विजय कुमार जाटव ने हत्या का आरोप लगाते हुए अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी।