आदमपुर थाना इलाके गांव पथरा के किसान की गंगा की रेती में जमीन पर कब्जे को लेकर गला दबाकर हत्या कर दी गई। हत्या के बाद शव को गंगा के टापू में ठहरे पानी में फेंक दिया गया।
पानी में उतराता शव मिलते ही सनसनी फैल गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया। क्षेत्रीय विधायक ने भी मौके पर पहुंच मामले की जानकारी ली। किसान की हत्या से परिजनों में कोहराम मचा है। पुलिस ने मामले में दो लोगों को नामजद करते हुए तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव पथरा निवासी भूकन सिंह (40) पुत्र गनेशी ने गांव बिरामपुर के सामने गंगा की रेती में पालेज बोई है। यहां ककड़ी, खीरा के अलावा गन्ना व गेहूं भी बोया जाता है। आरोप के मुताबिक इस जमीन पर बुलंदशहर जनपद के कुुछ लोग कब्जा करना चाहते हैं। पहले भी कई बार कब्जे को लेकर धमकी दी जा चुकी थीं।
बताया जाता है कि 21 अप्रैल को सुबह से ही भूकन सिंह गायब थे। परिजनों में काफी तलाश किया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। शनिवार को परिजन भूकन सिंह को तलाश करते हुए गांव फरीदा के जंगल में पहुंचे तो वहां खेतों में काम कर रही दो महिलाओं ने बताया कि भूकन सिंह को शुक्रवार के दिन तीन व्यक्ति बिरामपुर के सामने गंगा की रेती की ओर ले जाते हुए देखे थे।
परिजनों ने उस क्षेत्र में काफी तलाश किया, लेकिन भूकन का कोई सुराग नहीं मिला। बताया जाता है कि शनिवार देररात भूकन के घर मोबाइल पर फोनकर आरोपियों ने हत्या कर शव गंगा के टापू में ठहरे हुए पानी में फेंकने की जानकारी दी।
साथ ही धमकी भी दी गई यदि पुलिस को जानकारी दी तो अंजाम और भी बुरा होगा। रविवार सुबह होते ही परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। यहां गंगा के टापू में ठहरे पानी में उतराता हुआ भूकन का शव मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गए। सीओ अभिनाश कुमार गौतम ने मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। शव मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पीएम को भेज दिया।