अमरोहा में दाउद सराय रोड पर शव मिलने के बाद जांच पड़ताल करते सीओ।
- फोटो : JPNAGAR
अमरोहा। लापता युवक की रस्सी से गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसका शव दाउद सराय रोड स्थित आम के बाग में मिला। उसके गले पर रस्सी और सिर पर चोट के निशान मिले हैं। शव के पास उसका मोबाइल पड़ा मिला है। उसकी शिनाख्त नौगजा नई बस्ती निवासी इंतखाब (29) पुत्र अब्दुल सत्तार के रूप में हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना नौगावां सादात थानाक्षेत्र में अमरोहा नगर से सटे दाऊद सराय रोड की है। यहां पर स्थित स्कूल के सामने आम का बाग है। मंगलवार की दोपहर राहगीरों ने आम के बाग में युवक का शव पड़ा देखा तो उनके होश उड़ गए। थोड़ी ही देर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही इंस्पेक्टर राजेश कुमार और मूंढाखेड़ा चौकी प्रभारी सत्यदेव सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए। घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। सीओ सदर दिनेश यादव ने भी मुआयना किया। शव के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। जबकि सिर पर चोट के निशान पाए गए। पास में एक मोबाइल और चप्पल पड़े मिले। युवक ने जींस की पैंट और सफेद शर्ट पहन रखी थी। पुलिस ने शव की पहचान करने के लिए काफी कोशिश की। देर रात उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि तहरीर मिलते ही एफआईआर दर्ज की जाएगी।