तिगरी गंगा मेले में आयोजित भाकियू टिकैत की बैठक के बाद खड़े पदाधिकारी। स्रोत संगठन
तिगरीधाम (अमरोहा)। रविवार को तिगरी गंगा मेले पर भारतीय किसान यूनियन टिकैत की बैठक आयोजित हुई। इसमें किसान नेताओं ने एमएसपी को कानूनी दर्जा देने का मुद्दा उठाया है।
राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान हित में प्रदेश सरकार घरों पर स्मार्ट मीटर न लगाए। छुट्टा पशुओं से फसल बचाव के लिए ठोस नीति बनाकर प्रभावी प्रबंधन करे। फसल बीमा योजना में सुधार किया जाना चाहिए। बाढ़, सूखा जैसी प्राकृतिक आपदाओं में त्वरित राहत राशि एवं फसल क्षतिपूर्ति मिलनी चाहिए। देश में किसान पेंशन योजना लागू की जाए। डीजल और पेट्रोल पर कृषि उपयोग के लिए टैक्स माफ करना चाहिए।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की राशि 12 हजार रुपये प्रति वर्ष करने की मांग की। भूमिहीन किसानों को खेती सरकारी भूमि पर दीर्घकालीन लीज पर देना चाहिए। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष चौधरी दानवीर सिंह, मोहन बेनीवाल, धर्मेंद्र सिंह, लवेंद्र भाटी, अभिराज सिंह, चंद्रपाल सिंह आदि मौजूद रहे।