अमरोहा। नगर में कांठ रोड पर रविवार को चलती बाइक में शॉर्ट सर्किट से अचानक आग लग गई। बाइक सवार ने किसी तरह बाइक से कूदकर जान बचाई। हालांकि इसके बाद भी वह झुलस गया। घटना के बाद भगदड़ मच गई। लोगों ने पानी डालकर आग पर काबू पाया। बाद में युवक को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बनी हुई है।
रविवार को देहात थानाक्षेत्र के पैगंबरपुर गांव के रहने वाले असद खान किसी काम से अमरोहा आ रहे थे। अमरोहा में कांठ अड्डे पर पहुंचने पर उनकी बाइक से अचानक धुआं उठने लगा। वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही बाइक में आग लग गई और कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया।
आग की लपटों में घिरता देखकर असद खान ने बाइक से कूदकर जान बचाई। इस दौरान वह मामूली रूप से झुलस गए। बाइक में आग लगाता देख लोगों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बाइक पर पानी डालकर आग बुझाई। लेकिन इससे पहले बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पीड़ित असद खान ने बाइक में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। वहीं, अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद असद खान को घर भेज दिया गया है। सीओ सिटी शक्ति सिंह ने घटना की जानकारी से इंकार किया है। संवाद