सांसद कुंवर दानिश अली ने गांव और नेशनल हाईवे के ऊपर से गुजर रही बिजली लाइन के जर्जर तारों का मुद्दा उठाते हुए तार बदलने और खेतों में लगे ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाने की मांग की।
वह बृहस्पतिवार को संसद में प्रश्न काल के दौरान सवाल कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जनपद के नेशनल हाईवे से सटे अधिकांश गांवों और हाईवे पर हाईवे के ऊपर से जर्जर लाइन गुजर रही है। जिससे हर समय हादसे का भय बना रहता है। आए दिन तार टूटकर गिरने से किसानों की फसलें राख हो जाती हैं। इसलिए गांवों व हाईवे से गुजर रही जर्जर विद्युत लाइनों को बदला जाए। साथ ही साथ खेतों में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर की क्षमता बढ़ाई जाए। उनकी बात का जवाब देते हुए केंद्र सरकार के विद्युत एवं नवीन और ऊर्जा मंत्री आरके सिंह ने कहा है कि राजमार्ग पर एक फ्लाईओवर का निर्माण कर चल रहा है। फ्लाईओवर अभी तक सार्वजनिक उपयोग के लिए नहीं खोला गया है। उन्होंने इसे दोनों सिरों पर सार्वजनिक और यातायात उपयोग के लिए अवरुद्ध कर दिया है। मई के अंत तक उक्त फ्लाईओवर को सार्वजनिक उपयोग के लिए खोलने की योजना है। हापुड़-मुरादाबाद लाइन और फ्लाईओवर के कंडक्टरों के बीच पर्याप्त वर्टिकल क्लीयरेंस बनाए रखने के लिए, पावरग्रिड ने आवश्यक स्थानों पर टावरों की ऊंचाई बढ़ाने का काम पहले ही शुरू कर दिया है। कार्य जून तक पूरा होने की उम्मीद है। साथ ही साथ जिन ट्रांसफार्मरों पर निजी जलकूप उपभोक्ता संयोजित है, उन ट्रांसफार्मर्स की क्षमता वृद्धि का कार्य शुरू कर दिया है।