केंद्रीय संघर्ष समिति के आह्वान पर पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना को लेकर अधिवक्ता लगातार छठे दिन भी न्यायिक कार्य से विरत रहे। कचहरी परिसर में दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन पर बैठे अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल को ज्ञापन सौंपा।
बार एसोसिएशन जनपद अमरोहा के अध्यक्ष अशोक कपूर एवं सचिव मोहम्मद आदिश सैफी के नेतृत्व में कचहरी परिसर में लगातार छठे दिन भी अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ता दूसरे दिन भी क्रमिक अनशन पर बैठे रहे। बार अध्यक्ष अशोक कपूर ने कहा कि जब तक पश्चिम उत्तर प्रदेश में हाई कोर्ट की बेंच की स्थापना नहीं होती तब तक आंदोलन जारी रहेगा। सचिव मोहम्मद आदिश सैफी ने कहा मांग पूरी होने में जितना समय लगेगा आंदोलन उतना ही उग्र रूप धारण करता जाएगा। इस दौरान नरेश वीर सिंह, लोकेश चंद्र, कौशल, संजय सिंह, अतीक अहमद, सत्य प्रकाश सागर, चैनसुख गोले, राशिद मियां, कपिल चिकारा, छत्रपाल यादव, इस्लाम आलमी, सत्यप्रकाश, सतीश त्यागी आदि अधिवक्ता उपस्थित रहे।
वहीं जनपद अमरोहा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अफसर शाह खां व सचिव हुकुम चंद सैनी के नेतृत्व में कचहरी परिसर में तमाम अधिवक्ताओं ने जोरदार नारेबाजी की और डीएम को ज्ञापन सौंपकर तत्काल समस्या का समाधान कराने की मांग की है। इस दौरान अली इमाम रिजवी, दिनेश चौहान, अब्दुल सत्तार, इकबाल खां, इंद्रपाल गोले, अशरफ अली, अजीम, मोहम्मद यूसुफ, विनोद कुमार, सफदर हुसैन आदि अधिवक्ता मौजूद रहे।