अमरोहा। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के विभिन्न पदों के आरक्षण पर कुल 442 आपत्ति दर्ज कराई गई है। सर्वाधिक 423 आपत्ति ग्राम प्रधान के लिए हैं। वहीं ब्लॉक प्रमुख के लिए महज एक आपत्ति शामिल है। अब इन आपत्तियों के परीक्षण और निस्तारण शुरू हो गया है। जिलास्तरीय समिति इन आपत्तियों का नियमावली के अनुसार, कार्रवाई करेगी। ग्राम प्रधान, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य और बीडीसी सदस्यों की सीटों का आरक्षण 26 मार्च को प्रकाशित होगा।
डीपीआरओ वाचस्पति झा ने बताया कि डीपीआरओ कार्यालय, बीडीओ कार्यालय, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत के कार्यालय में आपत्ति जमा की गई है। जिलास्तरीय समिति 24 और 25 मार्च को आपत्तियों का परीक्षण और निस्तारण करेगी। इसके साथ ही अंतिम सूची को तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि सभी पदों के आरक्षण सामाजिक आर्थिक और जातिगत गणना 2011 और रैपिड सर्वे के आधार पर आरक्षण तय किया गया है। किसी भी व्यक्ति को असुविधा है तो वह कार्यालय में जानकारी ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि ब्लॉक कार्यालयों में एकत्र आपत्तियां देर शाम को कार्यालय में जमा हो गई हैं। अब इन आपत्तियों को जिलास्तरीय समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। नियमावली के अनुरूप निस्तारण किया जाएगा।
यह है आपत्तियों का ब्योरा
ग्राम प्रधान-------------423
जिला पंचायत सदस्य---9
बीडीसी-----------------7
ब्लॉक प्रमुख-----------1